
निजी एम्बुलेंस में लगी आग, तीन झुलसे
पीपाड़सिटी (जोधपुर). शहरी क्षेत्र में बुधवार शाम निजी एम्बुलेंस में अचानक आग जाने से इसमें सवार महिला व दो जवान बेटे भी झुलस गए। उन्हें जोधपुर रैफर किया है।
सूत्रों के अनुसार बुधवार शाम अम्बेडकर कॉलोनी में जोधपुर से मरीजों को लेकर आई निजी एम्बुलेंस के रुकते ही उसमें अचानक आग लग गई और देखते ही देखते धू धू जलने लगी। आग की चपेट में एक महिला व उसके दो बेटों को जोधपुर से आए थे झुलस गए। उन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया वहां से जोधपुर रैफर किया।
घटना से कॉलोनी में हड़कंप मच गया। कस्बेवासियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग ज्यादा भड़कने लगी। इस पर पालिका की दमकल को सूचना देने पर अग्निशमन कर्मचारी भी पहुंच गए और आग पर काबू पाया। पुलिस भी पहुंच गई और भीड़ को दूर हटाया।
अधिशासी अधिकारी सुरेशचंद्र शर्मा ने बताया कि एक घण्टे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आबादी क्षेत्र होने के बावजूद कोई बड़ा हादसा नहीं होने से आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। इस जलती एम्बुलेंस के पास खड़ी एक अन्य कार को भी नुकसान होने की जानकारी मिली हैं।
प्रारंभिक रूप से एम्बुलेंस के गैस से चलाने से हादसे की आशंका व्यक्त की जा रही हैं। उपजिला मजिस्ट्रेट शैतानसिंह राजपुरोहित ने निजी एम्बुलेंस में लगी आग के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं।
Published on:
27 May 2021 10:15 am
