9 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जोधपुर
आधा किमी में फैली आग, गैस गोदाम चपेट में आने की आशंका से सहमे लोग
Play video

आधा किमी में फैली आग, गैस गोदाम चपेट में आने की आशंका से सहमे लोग

- आगजनी स्थल पर विद्युत आपूर्ति बंद करवाई, ऐहतियात के तौर पर एम्बुलेंस तैनात की- गोदाम से कुछ सिलेण्डर बाहर निकाले, 14 दमकलों ने 60-70 से अधिक फेरे कर आग नियंत्रित की
Google source verification

जोधपुर।
सूरसागर में गेंवा बाइपास पर गैस गोदाम के पास रैग्जीन-फॉम व सोफे की पांच और गत्ता बनाने की एक फैक्ट्री है। रैग्जीन फैक्ट्री में भीषण आग से पांच फैक्ट्रियां भी चपेट में आ गईं। करीब पांच सौ मीटर क्षेत्र में आग के गुब्बार उठने लग गए। इससे सौ-दो सौ मीटर दूरी पर गैस एजेंसी का गोदाम होने से क्षेत्रवासी सहम गए। नगर निगम की एक दर्जन और एयरफोर्स की दो दमकलों ने करीब 60-70 फेरे कर आग पर काबू पाया।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि बाइपास पर मैरिज गार्डन के पास 45 गुणा 90 की पांच-छह फैक्ट्रियां हैं। इनमें रैग्जीन व फॉम के अलावा गत्ते की फैक्ट्री भी शामिल है। इनमें सोफे बनाने में प्रयुक्त होने वाले रैग्जीन-फॉम और अन्य माल का स्टॉक था। कैमिकल के ड्रम चपेट में आने से आग भीषण हो गई। आस-पास की चार-पांच फैक्ट्रियां और चपेट में आने से करीब आधा किमी क्षेत्र में आग ही आग हो गई। चीफ फायर ऑफिसर जय सिंह के साथ नगर निगम की 12 दमकलें मौके पर पहुंची। बाद में एयरफोर्स की दो दमकलों को भी बुलाया गया। दमकलों ने पानी के लिए करीब 60-70 फेरे किए। रात को आग काफी हद तक काबू कर ली गई। रैग्जीन की एक फैक्ट्री में टीन शेड गिरने से रह-रहकर लपटें उठ रही थी। इसलिए देर रात तक दमकलें आग को पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुईं थी। गैस कम्पनी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और गोदाम की सुरक्षा संबंधी जानकारी ली।
डीसीपी गौरव यादव का कहना है कि गैस गोदाम के पास फैक्ट्रियों के होने की जांच करवाई जाएगी। फैक्ट्रियों के अवैध संचालन पाए जाने पर कार्रवाई होगी।
बिजली आपूर्ति बंद करवाई, एम्बलेंस तैनात की
पुलिस व प्रशासन ने ऐहतियात के तौर पर आगजनी वाले स्थल के आस-पास विद्युत आपूर्ति बंद करवा दी। वहीं, नजदीक ही गैस गोदाम के चपेट में आने की आशंका के चलते एम्बुलेंस भी बुलाईं गई। हालांकि एम्बुलेंस की आवश्यकता नहीं पड़ी, लेकिन ऐहतियात के तौर पर रातभर वहीं खड़ी की गई। गोदाम से कुछ सिलेण्डर बाहर निकाले गए। देर रात बारदानें भी मंगवाईं गईं।
शहर में दूर-दूर तक नजर आए धुएं के गुबार
आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्रियों से आग के गुबार के गुबार निकलने लग गए थे। वहीं, घना काला धुआं भी आसमान में उठने लगा। शहर में दूर-दूर तक लपटें व धुआं नजर आया। जिससे शहरवासी सहम से गए।