
5 साल से फाइलों में अटका कांकाणी औद्योगिक क्षेत्र
जोधपुर।
दशकों से नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए तरस रहे जोधपुर को औद्योगिक क्षेत्र तो मिल गए,लेकिन उसके बाद करीब पांच साल बाद भी यहां कोई कारखाना शुरू नहीं हो सका। इनमें जोधपुर व आसपास के क्षेत्रों में विकसित किए जाने वाले औद्योगिक क्षेत्रों में जोधपुर-पाली रोड पर कांकाणी औद्योगिक क्षेत्र सबसे नजदीकी प्रोजेक्ट है। लेकिन बहुप्रतीक्षित कांकाणी औद्योगिक क्षेत्र का विकास भी अभी हकीकत से दूर है। उद्यमियों को अब सत्ता में आई नई कांग्रेस सरकार से उम्मीदें है।
--
जिले में 7 औद्योगिक क्षेत्र घोषित
सरकार ने पिछले 5-7 वर्षो में जोधपुर जिले में औद्योगिक विकास के लिए 7 नए क्षेत्र विकसित करने की योजनाएं बनाई थी। इनमें केवल कुछ समय पूर्व ही बोरानाड़ा बाप में प्लॉट आवंटन का काम शुरू हुआ है लेकिन जोधपुर से दूर होने की वजह से उद्यमी रूचि नहीं दिखा रहे। देरी की वजह से शेष 6 औद्योगिक क्षेत्रों का विकास अभी कागजों में ही अटका हुआ है। बोरानाड़ा, बाप, दईजर, बड़ी सीड़, सियामाल व तिंवरी में औद्योगिक क्षेत्र प्रस्तावित है।
-------------
सरकार ने उठाया कदम
हाल ही में, सरकार ने सैन्य उपकरणों के मेंटेनेंस, रिपेयरिंग व मैन्यूफैक्चरिंग आदि के लिए बीइएल कंपनी को कांकाणी औद्योगिक क्षेत्र में अपनी युनिट स्थापित करने के लिए करीब 6 एकड़ जमीन दी है। इसके लिए रीको के मैनेजिंग डायरेक्टर गौरव गोयल ने जोधपुर प्रवास के दौरान कांकाणी औद्योगिक क्षेत्र का अवलोकन भी किया था।
---
कांकाणी प्रोजेक्ट एक नजर में
- कांकाणी औद्योगिक क्षेत्र बांटा गया- 3 जोन में
- अधिकृत कृषि भूमि - 343 हैक्टेयर
- जेडीए से अधिकृत भूमि- 79 हैक्टेयर
- टैक्सटाइल जोन विकसित होगा- 120.12 हैक्टेयर में
- स्टील जोन विकसित होगा- 98.45 हैक्टेयर में
- सामान्य इकाइयां विकसित होगी- 101.02 हैक्टेयर में
- टैक्सटाइल जोन के लिए - 115 प्लॉट
- स्टील जोन के लिए- 82 प्लॉट
- सामान्य इकाइयों के लिए- 38 प्लॉट
--
इस सरकार में राज्य सहित जिले में औद्योगिक विकास की बयार आएगी। कांकाणी सहित बोरानाड़ा, कैरू, तिंवरी, दईजर आदि औद्योगिक क्षेत्रों का जल्द विकास होगा और भूखण्ड आवंटन होंगे। सरकार ने बीइएल कंपनी को जमीन देकर औद्योगिक विकास और विस्तार का आगाज किया है।
सुनिल परिहार, पूर्व अध्यक्ष
राजसीको
--------
पूर्ववर्ती सरकार को जोधपुर के औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए बार-बार अवगत कराया लेकिन विकास नहीं हुआ। अब शहर के उद्यमियों को वर्तमान सरकार से उम्मीदें है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का औद्योगिक विकास को लेकर विजन स्पष्ट है। उम्मीद है कांकाणी औद्योगिक क्षेत्र में इसी वर्ष उद्यमियों को प्लॉट आवंटन होंगे।
आशाराम धूत, पूर्व अध्यक्ष
जोधपुर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन
---
कांकाणी औद्योगिक क्षेत्र के विकास की प्रक्रिया जारी है। आवश्यक कार्यवाहियों के बाद भूखण्ड आवंटन शुरू किए जाएंगे।
विनीत गुप्ता, वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक
रीको
Published on:
03 Feb 2019 04:51 pm
