
फतेहसागर क्षेत्र के लोगों ने बयां की पीड़ा, कहा हम तो कफ्र्यू का कर रहे पालन, राशन की नहीं आ रही गाड़ी
ओम टेलर/जोधपुर. साहब, लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं। घर से बाहर तक नहीं निकलते लेकिन हमारी गली तक न तो खाद्यान सामग्री की गाड़ी आ रही हैं और न दूध, सब्जी वाले पहुंच रहे। बाहर जाते हैं तो पुलिस के डंडे पडऩे का डर। हेल्प लाइन पर फोन भी किया लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। आलम यह है कि पिछले दस-बारह दिन से यहां न तो दूध वाला आया और न ही खाद्यान सामग्री की गाड़ी। सब्जी वाला भी नहीं आया। ऐसे में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राशन सामग्री की आपूर्ति हो तो राहत मिले।
दस दिन से नहीं आई राशन की गाड़ी
दस दिन से अधिक समय हो गया हमारे क्षेत्र में सहकारी विभाग की रसद सामग्री की गाड़ी फतेहसागर क्षेत्र में नहीं आ रही। मुख्य सड़कों तक आती होगी लेकिन कफ्र्यू लगा होने के कारण हम वहां तक नहीं जा पाते।
- गजेन्द्रसिंह, फतेहसागर
हमारी समस्या का हो समाधान
गऊ घाट क्षेत्र में राशन सामग्री की आपूर्ति के लिए गाड़ी नहीं आ रही। दूध और सब्जी वाले तक हमारी गली में नहीं आ पा रहे है। कफ्र्यू लगा है इसलिए हम भी गली से बाहर नहीं जाते। रसद सामग्री की गाड़ी आए तो राहत मिले।
- प्रदीप शर्मा, गऊ घाट
बाहर निकलने में लगता है डर
कफ्र्यू है इसलिए गली से बाहर निकलने में भी डर लगता है। लेकिन समस्या यह भी है कि लोगों ने अपने स्तर पर जगह-जगह गलियां बंद कर दी। ऐसे में हमारी गली तक रसद सामग्री की गाड़ी किया दूध वाला तक नहीं पहुंच पा रहा।
- कविता टांक, फतेहसागर
पड़ोसी से उधार लिया सामान
कफ्र्यू के कारण सामान खरीदने नहीं जा सकते। खाद्यान सामग्री की गाड़ी भी दस दिन से अधिक समय हो गया हमारे मोहल्ले में नहीं आई। ऐसे में पड़ोसी से आटे का कट्टा उधार लेना पड़ा।
- निशासिंह, गऊ घाट
Published on:
24 Apr 2020 03:53 pm
