
टी स्टॉल में गैस सिलेंडर में रिसाव से आग
बाप/जोधपुर. कस्बे के मुख्य बाजार के निकट जयपुरिया मार्किट में सोमवार दोपहर बाद टी स्टॉल में गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग लगने का कारण गैस सिलेंडर में रिसाव का बताया जा रहा है। आग को देख पूरे मार्केट में अफरा-तफरी मच गई।
आसपास के दुकानदार अपनी दुकानों के शटर गिराकर दूर चले। सिलेंडर में गैस कम होने से बड़ी दुर्घटना टल गई। गैस खत्म होने के बाद आग बुझने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
जयपुरिया मार्किट में अनिल पालीवाल की टी स्टॉल है। दोपहर 3 बजे वह दुकान में चाय बना रहा था। तभी सिलेंडर के पाइप से गैस लीकेज होने लगी। वह कुछ समझ पाता इससे पहले ही गैस ने आग पकड़ ली। हालांकि उसने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुआ। आग बढ़ती देख वह तथा दुकान में आए ग्राहक तथा आसपास के दुकानदार दूर भाग गए।
आग से एक बाइक जलकर नष्ट हो गई। एक बाइक आधी से ज्यादा जल गई। इसके अलावा प्लास्टिक की बड़ी पानी की टंकी, दो खाली सिलेंडर, गैस चूल्हा सहित दुकान का सामान जलकर राख हो गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सिलेंडर में गैस कम होने पर आग धीमी पड़ते ही लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पा लिया। सूचना पर बाप पुलिस पहुंची तथा घटना की जानकारी ली। पटवारी अवदेश मीणा व ग्राम विकास अधिकारी राकेश कुमार भी मौके पर पहुंचे तथा मौका फर्द बनाई।
Updated on:
24 Aug 2021 09:52 am
Published on:
24 Aug 2021 09:52 am
