
युवती ने पत्नी को भेजा ऑडियो, गुस्साए फल व्यवसायी ने रैम्प पर आग लगाई
जोधपुर।
माता का थान थानान्तर्गत (Police station mata ka than) गांधी नगर में आपसी वार्तालाप के दौरान तकरार होने पर युवती ने फल व्यापारी से बातचीत का ऑडियो पत्नी को भेज दिया। इससे गुस्साए व्यापारी ने दोस्त के साथ मिलकर बुधवार आधी रात ज्वलनशील पदार्थ डाल युवती के घर के गेट व रैम्प पर आग लगा दी। घरवालों ने आग बुझाई। पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर गुरुवार को व्यापारी व साथी को गिरफ्तार किया। (Fruit businessman)
थानाधिकारी शिवलाल ने बताया कि गांधी नगर निवासी एक युवती और फल व्यवसायी पास-पास रहते हैं। दोनों में आपसी सम्पर्क भी हैं। दोनों में मोबाइल पर बातचीत होती थी। इस बीच, किसी बात पर दोनों में तकरार हो गई। युवती ने दोनों के बीच वार्तालाप की रिकॉर्डिंग व्यापारी की पत्नी को भेज दिया। जिससे उनमें विवाद हो गया। व्यापारी तैश में आ गया और अपने एक साथी को बाइक पर साथ लेकर युवती के घर के बाहर पहुंचा, जहां चलती बाइक से ही युवती के घर के बाहर रैम्प पर ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया। साथ ही आग भी लगा दी। जिससे मुख्य गेट व रैम्प पर आग लग गई। लपटें निकलती देख घरवाले बाहर आए। लपटों के पास ही मोटरसाइकिल व मोपेड खड़ी थी। घरवालों ने पानी डालकर समय रहते आग बुझा ली। जिससे वाहन को नुकसान होने से बचा लिया गया। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी गायब हो चुके थे। पुलिस ने एफआइआर दर्ज की और फल व्यापारी व उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी व्यापारी की भदवासिया फल मण्डी में दुकान है।
Updated on:
19 Oct 2023 11:33 pm
Published on:
19 Oct 2023 11:33 pm
