
फलोदी. यूं तो शिक्षक देश के लिए युवा पीढ़ी का निर्माण करने के लिए जाने जाते है, लेकिन फलोदी क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मड़ला खुर्द के प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षकों ने एक अनूठी पहल करते हुए विद्यालय विकास के लिए अपने एक माह का पूरा वेतन विद्यालय देने की घोषणा कर दी है।
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मड़ला खुर्द के स्टाफ ने विद्यालय विकास में आमजन को जोडऩे के लिए सबसे पहले यह शुरूआत स्वयं से ही करने का निर्णय लिया तथा सोमवार को विद्यालय द्वारा अधिकारिक घोषणा जारी कर दी गई। इस घोषणा में विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामूराम जनागल, अध्यापक हुक्मीचंद पालीवाल, हरदेव पालीवाल, अम्बाराम मेघवाल, शिवशंकर जायसवाल, शोकीनराम बेरा, नरेन्द्र कुमार, महेन्द्र मेघवाल, दिनेश प्रजापत ने अपने एक माह का वेतन विद्यालय के विकास के लिए सहर्ष देने की घोषणा की है।
विद्यालय को मिलेंगे 2.89 लाख -
शिक्षकों की इस पहल से विद्यालय को प्रधनाध्यापक सहित ९ अध्यापकों द्वारा अपना एक माह का वेतन दिए जाने से कुल २.८९ लाख की राशि मिलेगी। इस राशि से विद्यालय में सौन्दर्यकरण, मुख्य द्वार निर्माण व भौतिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। जिससे विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिलेगी। शिक्षकों की इस घोषणा ने समूचे क्षेत्र को शिक्षा के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने व बच्चों के लिया सुविधाएं जुटाने का सन्देश दिया है (कासं)
---------------
Published on:
28 Jan 2020 10:58 am
