
धनतेरस के पूर्व दो दिवसीय पुष्य नक्षत्र के महायोग के कारण शनिवार को सूर्यनगरी के सभी प्रमुख बाजारों में खरीदारों के उमडऩे से मिनी धनत्रयोदशी सा माहौल नजर आया। शहर के सबसे व्यवस्ततम बाजार नई सड़क खरीदारों के उमडऩे से कई बार ट्रैफिक जाम की स्थिति रही। फोटो-गौतम उड़ेलिया
जोधपुर. पंच महापर्व दीपोत्सव आगाज भले ही धनत्रयोदशी से होगा लेकिन धनतेरस के पूर्व दो दिवसीय पुष्य नक्षत्र के महायोग के कारण शनिवार को सूर्यनगरी के सभी प्रमुख बाजारों में खरीदारों के उमडऩे से मिनी धनत्रयोदशी सा माहौल नजर आया। पुष्य के चलते शहरवासियों ने सोने-चांदी के आभूषण, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद, वाहन, ड्राइफू्रट, दीपावली को देने के लिए उपहार, नवीन परिधान, साडि़यां आदि की जमकर खरीदारी की। त्योहारी खरीदारी के साथ इस बार देवउठनी एकादशी से आरंभ हो रहे सावों के लिए भी लोगों ने पुष्यनक्षत्र होने के कारण आवश्यक साजो-सामान की खरीदारी शुरू की।
सुबह से देर रात तक रही रौनक
शनिवार को पूरे दिन पुष्य नक्षत्र के साथ साथ खरीदारी के शुभ मुहूर्त के चलते सुबह से ही बाजार में चहल पहल आरंभ हो गई। मारवाड़ के विभिन्न अंचलों सहित जोधपुर जिले के आस-पास के कस्बों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। पुष्य नक्षत्र के दिन पहले से ही वाहनों की बुकिंग करवाने वाले मुहूर्त के दौरान डिलीवरी लेने पहुंचे। कई लोगों ने धनतेरस के दिन डिलीवरी के लिए वाहनों की जमकर बुकिंग करवाई है। पुष्य नक्षत्र के कारण नवीन प्रतिष्ठानों के उदघाटन भी हुए। आभूषण प्रतिष्ठानों में कीमती धातुओं को खरीदने के प्रति उत्साह नजर आया। प्लॉट, फ्लेट व बंगलों की बुकिंग और खरीद के प्रति भी रूझान नजर आया। ऑटोमोबाइल शो रूमों पर दुपहिया वाहनों-कारों की बुकिंग और खरीद के लिए भीड़ नजर आई। पुष्य नक्षत्र के दिन हुई जमकर खरीदारी के चलते कई जगह एटीएम पर भी कतारें लगी रही।
लंबे अर्से बाद लोग पहुंचे बाजार
लॉकडाउन व कोविड-१९ के कारण लंबे अर्से के बाद दीपावली से पूर्व पुष्य नक्षत्र होने से रोशन बाजारों में खरीदारी की रौनक छाई रही। भीतरी शहर के बाजारों में कई जगह टै्रफिक जाम की स्थिति रही। शहर के नई सड़क, सरदारपुरा, त्रिपोलिया, जलजोग, सरदारपुरा प्रथम, बी व सी रोड व शहर के उपनगरीय क्षेत्रों के बाजारों में भी देर शाम तक बाजार में खरीदारों की रौनक परवान पर रही। दीपोत्सव व पुष्य नक्षत्र के मद्देनजर व्यापारियों अपने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को रोशनी से सजाया है।
बदलाव के अनुरूप प्रॉडक्ट
व्यापारियों ने इस बार कोविड-१९ के कारण रहन-सहन में आए बदलाव व युवाओं की मांग अनुरूप प्रॉडक्ट की नवीनतम सीरिज का स्टॉक मंगवाया हैं। युवावर्ग की जरूरतों के अनुसार विश्व स्तरीय इलेक्ट्रॉनिक प्रॉडक्ट, लैपटाप, गैजेट्स तो दूसरी ओर दुपहिया वाहन, रेडिमेट वस्त्र की पूरी अंतरराष्ट्रीय शृंखला सूर्यनगरी के प्रमुख प्रतिष्ठानों में नजर आई। व्यापारी वर्ग को उम्मीद है इस बार धनत्रयोदशी पर पुन: परम्परागत खरीदारी भी जमकर होगी। लोगों ने भीड़ से बचने के लिए अग्रिम बुकिंग भी करवाई है।
Updated on:
07 Nov 2020 06:31 pm
Published on:
07 Nov 2020 06:31 pm
