
hardcore criminal arrested, hardcore criminal arrested in jodhpur, smuggler arrested, opium smuggling in jodhpur, jodhpur crime news, jodhpur news, jodhpur news in hindi
जोधपुर. जिले की भोजासर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के शातिर तस्कर और बीकानेर जिले के हार्डकोर बदमाश और उसके दो साथियों को बुधवार को चाडी गांव में लक्ष्मण नगर चौराहे के पास लग्जरी कार से दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजन दुष्यंत ने बताया कि चाडी गांव में बिना नम्बर की सफेद रंग की लग्जरी कार में तस्करों के घूमने की सूचना पर भोजासर थाना पुलिस ने लक्ष्मण नगर चौराहे पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान आई बिना नम्बर की लग्जरी कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक कार को और तेजी से भगाने लगा और पुलिस की जीप को टक्कर मार कार ऊपर चढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार बिजली के एक पोल से टकरा कर रुक गई।
पीछा कर रहे थानाधिकारी दाऊद खान व अन्य पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर लग्जरी कार में सवार बीकानेर के बज्जू थानान्तर्गत नगरासर गांव निवासी प्रदीप गोदारा (38) पुत्र रामेश्वरलाल विश्नोई, लोहावट थानान्तर्गत दयाकोर में ईशरवालों की ढाणी निवासी अशोक (25) पुत्र चोखाराम विश्नोई और भोजासर थानान्तर्गत जैसला गांव निवासी हरलाल पुत्र फुलाराम विश्नोई को पकड़ लिया। सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला और सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया गया। बिना नम्बर की लग्जरी कार भी जब्त की गई है।
डोडा पोस्त तस्करी में है वांछित
प्रदीप गोदारा के खिलाफ जोधपुर व बीकानेर के कई थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी, राजकार्य में बाधा डालने, सार्वजनिक सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित 28 मामले दर्ज हैं। वह बीकानेर जिले में 32 क्विंटल डोडा पोस्त तस्करी का मुख्य आरोपी है।
उन्नीस दिन पहले छूटा था जेल से
दूसरा आरोपी अशोक विश्नोई पाली जिले के गुड़ा ऐंदला थाने में मादक पदार्थों की तस्करी और बीकानेर जिले के गंगाशहर थाने में मारपीट व जानलेवा हमले के मामलों में वांछित है। वह गत एक दिसम्बर को ही बीकानेर जेल से बाहर आया था।
Published on:
20 Dec 2018 12:19 pm
