
जोधपुर. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को भी लू की स्थिति रही। गर्म हवा में लोग झुलसने लगे। फलोदी में पारा 45.8 डिग्री और जोधपुर में 44 डिग्री रहा। जोधपुर में हवा में नमी 50 फीसदी से अधिक रहने के कारण सुबह-सुबह उमस ने भी लोगों का पसीना छुड़ा दिया। जैसलमेर 46.4 और बाड़मेर में 45.7 डिग्री पर तपते रहे। मौसम विभाग के अनुसार दो दिन और लू चलेगी। पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार और शनिवार को जोधपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी आने की आंशका है।
तीन दिन से चल रहे लू के थपेड़े
सूर्यनगरी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री रहा। हवा में अत्यधिक नमी के कारण सुबह-सुबह ही शहरवासियों की हालत खस्ता हो गई। उमस के कारण लोग बेहाल होने लग गए। सुबह आठ बजे ही तीक्ष्ण धूप झुलसाने लग गई। घर के बाहर कदम रखना मुश्किल हो रहा था। दोपहर में पारा 44 डिग्री रहा। पिछले तीन दिन से लू के थपेड़े चलने के कारण इमारतें रात को ठंडी होने से पहले ही वापस गर्म हो जाती है। पत्थरों से टकराकर आ रही गर्म हवा मानो शरीर को किसी अंगारे की भांति बेध रही है।
सुबह नहाने के लिए गर्म पानी
सूरज के आग उगलने से घर की छतों पर रखी पानी की टंकियों में पानी सुबह-सुबह ही गर्म हो जाता है। सुबह दस बजे के बाद स्नान करने वाले लोगों के नलों में हल्का गर्म पानी आ रहा है। जिन घरों की पाइप लाइन खुले में है और धूप उस पर पड़ रही है, वहां से गुजर रहा पानी इतना अधिक गर्म हो जाता है कि गृहणियों को बर्तन धोने जैसे घरेलू काम करने में हाथ जल रहे हैं।
सप्ताहांत में गिरेगा पारा
सप्ताहांत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट आएगी लेकिन गर्मी से राहत मिलने के अभी कोई आसार नहीं है।
Published on:
26 May 2020 08:07 pm
