
मारवाड़ का ऐतिहासिक शीतला माता मेला आज से
जोधपुर. नागौरीगेट के बाहर कागा स्थित शीतला माता मेला रविवार को ध्वजारोहण के साथ शुरू हो जाएगा। बच्चों को चर्म संबंधी बीमारियों से संरक्षण की मनौति से जुड़े शीतला पूजन के लिए रविवार को घरों में पकवान बनाकर सोमवार सुबह शीतला माता, ओरी माता, अचपड़ाजी एवं पंथवारी माता का प्रतीक बनाकर पूजन करेंगे। पूजन में एक दिन पहले निर्मित पकवानों का भोग लगाकर घर के सभी सदस्य बतौर प्रसादी ‘ठंडा’ ग्रहण करेंगे। रसोई घरों में सोमवार को अवकाश रहेगा। घरों में माताजी के भोग ‘ठंडा’ प्रसादी के रूप में मीठी-नमकीन पुडिय़ां, सोगरा, शक्कर पारे, पचकुटे व केरी-गूंदा की सब्जी, केरी पाक, लांजी, मठरी, सिलवड़े, खीचिए, पापड़, गुलगुले, खाजा, कांजी बड़े, दही बड़े आदि कई तरह के मारवाड़ के पारम्परिक पकवान बनाए जाएंगे। कई घरों में शीतलाष्टमी को दो से तीन टाइम ठंडा सेवन तो कई घरों में अष्टमी से दो- तीन दिनों तक भी ठंडा भोजन करने की परम्परा निभाई जाती है। मेले के लिए झूले,स्टॉल्स के साथ बेरिकेडिंग लगाने का काम पूरा हो चुका हैं। उल्लेखनीय है शीतला माता पूजन वैसे तो पूरे भारत में चैत्र कृष्ण पक्ष की सप्तमी को होता है लेकिन केवल जोधपुर में दूसरे दिन अष्टमी के दिन शीतला पूजन की परम्परा पिछले करीब 250 सालों से चली आ रही हैं।
दर्शन के लिए सुगम व्यवस्था
शीतला माता मेला अधिकारी कुलदीप गहलोत ने बताया कि मंदिर ट्रस्ट की ओर से इस बार भी मेले के दौरान दर्शनार्थियों के सुगम दर्शन की व्यवस्था की जाएगी। मेले के दौरान महिलाओं- पुरुषों के लिए अलग-अलग दर्शन की व्यवस्था रहेगी। मंदिर के आसपास 27 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। दिव्यांगों के लिए व्हील चेयर की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
मंदिर शिखर पर होगा ध्वजारोहण
दस दिवसीय शीतला माता मेला रविवार शाम 4.30 बजे ध्वजारोहण के साथ शुरू हो जाएगा। शीतला माताजी कागा तीर्थ ट्रस्ट अध्यक्ष निर्मल कच्छवाह ने बताया कि उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि भारत सेवा संस्थान के ट्रस्टी जसवंतसिंह कच्छवाह व जेडीए के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र सोलंकी होंगे।
इस बार 15 तरह के झूले
शीतला माता मेले में इस बार बच्चों, युवाओं व महिलाओं के लिए अलग अलग 15 तरह के झूले लगाए गए हैं। शीतला माता मंदिर के सामने मैदान में आकाश झूला, नाव, मिनी ट्रेन, ब्रेक डांस, चांद तारा, मिकी माउस, चकरी, जम्पिंग, भूत बंगला, मिनी कार-जीप सहित बच्चों के लिए कई आकर्षक झूले लगाने का काम अंतिम चरण में हैं।
पॉलीथिन मुक्त मेला परिसर के लिए पत्रिका निभाएगा भागीदारी
शीतला माता मेले दौरान पूरा मंदिर परिसर पॉलीथिन मुक्त रखा जाएगा। इसके लिए 50 से अधिक स्वयंसेवक तैनात किए जाएंगे। शीतला माता कागा तीर्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष निर्मल कच्छवाह ने बताया कि प्रसाद विक्रेताओं को कागज अथवा कपड़े की थैलियां प्रयोग करने को कहा गया है। राजस्थान पत्रिका की ओर से मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को पॉलीथिन का बहिष्कार करने का संकल्प दिलाया जाएगा साथ ही कपड़े व कागज के बैग्स वितरित किए जाएंगे।
Updated on:
14 Mar 2020 11:36 pm
Published on:
14 Mar 2020 11:36 pm
