जोधपुर. आत्मशुद्धि की साधना का पर्व शारदीय नवरात्रा सोमवार को घर – घर घट स्थापना के साथ शुरू हुआ। मंदिरों में कलश स्थापना एवं अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित कर धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ किया गया। मेहरानगढ़ स्थित मां चामुंडा मंदिर पुजारी घनश्याम त्रिवेदी के सान्निध्य में सुबह मां चामुण्डा, मां कालकाजी, मां सरस्वती एवं बेच्छराजजी की मूर्तियों का जलाभिषेक व मंदिर के शिखर पर मुख्य ध्वजा चढ़ाई गई। मंदिर में पूर्व सांसद गजसिंह ने सपत्नीक पहुंचकर अभिजित मुहूर्त में घट स्थापना की । नवरात्र घट स्थापन के साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गरबा डांडिया रास के आयोजन भी शुरू हो गए।
चामुण्डा मंदिर में दिन भर रही भक्तों की रेलमपेल
मेहरानगढ़ के मां चामुण्डा मंदिर में शारदीय नवरात्रा की प्रतिपदा को सुबह से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारे लगनी शुरू हो गई। सुबह से शाम तक किले के मुख्य प्रवेश द्वार जयपोल के बाहर व किले के अंदर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात नजर आए।