
राजस्थान के 370 रेलवे स्टेशन हुए स्मार्ट, नि:शुल्क वाई फाई की शुरुआत के साथ मिलेंगी ये सुविधाएं
अमित दवे/जोधपुर. इंडियन रेलवे की ओर से देश के 5500 रेलवे स्टेशन वाई फाई इंटरनेट से जोड़े जा चुके हैं। इनमें प्रदेश के 370 रेलवे स्टेशन शामिल हैं, जहां पर यात्रियों को मुफ्त सार्वजनिक वाई फाई सुविधा मिल रही है। पूर्व मध्य रेलवे जोन का महुआ मिलन रेलवे स्टेशन देश का 5500 वां स्टेशन बन गया है, जिसमें मुफ्त सार्वजनिक वाई फाई है। रेलवे स्टेशनों पर वाई फाई रेलवायर के ब्रांड नाम के तहत उपलब्ध कराया जा रहा है। जोधपुर मण्डल के 100 से अधिक रेलवे स्टेशन वाई फाई से जोड़े जा चुके है।
46 माह में जोड़े 5500 स्टेशन
रेलवे का सार्वजनिक उपक्रम रेलटेल स्टेशनों को डिजिटल हब में बदलने का काम कर रहा है। रेलवे स्टेशनों पर फ्री वाई फाई की सुविधा सबसे पहले मुम्बई सेंट्रल से जनवरी 2016 में शुरू हुई। इसके बाद अब तक 46 माह में देश के 5500 स्टेशनों को वाई फाई से जोड़ दिया गया है। रेलटेल ने परियोजना के कुछ हिस्सों के लिए गूगल, टाटा ट्रस्ट, पीजीसीआइएल जैसे भागीदारों की सेवाएं ली। 200 स्टेशनों के लिए दूरसंचार विभाग यूएसओएफ से वित्त पोषण भी प्राप्त किया।
स्टेशन पर ऐसे कनेक्ट करें वाई फाई नेट
यात्रियों को अपने मोबाइल फ ोन पर की वाई फाई सेेटिंग्स में जाकर रेलवायर नेटवर्क को सलेक्ट करना होगा। इसके बाद रेलवायर डॉट सीओ डॉट इन पर अपना ब्राउजर खोलना होगा। वाई फाई लॉगइन स्क्रीन पर अपना फ ोन नम्बर एंटर कर रिसीव एसएमएस को प्रेस करे। इसके बाद एसएमएस द्वारा 4 डिजिट का ओटीपी कोड मिलेगा, जिसे लॉगइन स्क्रीन पर एंटर कर डन प्रेस करना होगा। इसके साथ ही आप वाई फाई सेवा से जुड़ जाएंगे।
उत्तर पश्चिम रेलवे में 373 स्टेशन जुड़े
बीकानेर- 110
जोधपुर- 105
जयपुर- 81
अजमेर- 77
कुल--- 373
ग्रामीण छात्रों को मदद मिलेगी
फ्री वाई फाई रेलवे स्टेशनों में कई ऐसे रेलवे स्टेशन भी है, जो दूरदराज के इलाकों में हैं और वहां इंटरनेट की पर्याप्त सुविधा नहीं है। हाई स्पीड वाई फाई तक फ्री एक्सेस से गांवों व शहरों के बीच डिजिटल विभाजन को पाटने में मदद मिलेगी। ग्रामीण छात्रों को अध्ययन सामग्री डाउनलोड करने में आसानी होगी। इनके अलावा डिजिटल भुगतान लेनदेन के लिए सेवा का उपयोग करने के लिए वेन्डर्स, नए कौशल सीखने या नेट सर्फिं ग के द्वारा स्टेशनों पर अपने समय का उपयोग करने वाले दैनिक यात्रियों के लिए मुफ्त वाई फाई वरदान साबित होगा।
अच्छा प्रयास
रेलवे स्टेशनों को डिजिटल हब बनाने का अच्छा प्रयास है। उत्तर पश्चिम रेलवे में प्रथम चरण में सभी स्टेशन फ्री वाई फाई से जोड़े जा चुके है।
- अभय शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर
Published on:
16 Dec 2019 01:41 pm
