
इंडो-फ्रैंच युद्धाभ्यास कल से बीकानेर में, फ्रांसीसी सेना की टुकड़ी महाजन फील्ड फायरिंग रेंज पहुंची
जोधपुर. भारत और फ्रांस की सेना के मध्य संयुक्त युद्धाभ्यास शक्ति-2019 बीकानेर स्थित महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में गुरुवार से शुरू होगा। 13 नवम्बर तक चलने वाले इस युद्धाभ्यास में मरुस्थल में काउंटर टेरेरिज्म का अभ्यास किया जाएगा। इसके लिए फ्रांसीसी सेना की 38 सैनिकों की टुकड़ी सोमवार को बीकानेर पहुंची। महाजन फील्ड फायरिंग रेंज अभ्यास क्षेत्र में पहुंचने पर भारतीय सेना ने फ्रांसीसी सेना की टुकड़ी के लिए गर्मजोशी और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया, जिसके बाद दोनों देशों के सैनिकों के बीच सदभाव पूर्ण आदान-प्रदान हुआ।
युद्धाभ्यास शक्ति-2019 के बैनर के तहत द्विपक्षीय अभ्यास की श्रृंखला में पांचवा संस्करण है। संयुक्त युद्धाभ्यास संयुक्त राष्ट्र जनादेश के तहत अर्ध-रेगिस्तानी इलाके की पृष्ठभूमि में काउंटर टेररिज्म पर केंद्रित होगा। संयुक्त प्रशिक्षण में उच्च स्तर की शारीरिक क्षमता, सामरिक अभ्यास, तकनीक और प्रक्रिया पर ध्यान दिया जाएगा। अभ्यास के दौरान, संयुक्त योजना, कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन्स, सर्च एंड रेस्क्यू , संयुक्त सामरिक अभ्यास और विशेष हथियार कौशल का प्रशिक्षण किया जाएगा।
भारत और फ्रांस के बीच शक्ति युद्धाभ्यास की शुरुआत वर्ष 2011 में हुई थी। यह एक द्विवार्षिक एक्सरसाइज है, जिससे भारत और फ्र ांस में बारी-बारी से आयोजित किया जाता है। भारत की सप्तशक्ति कमान की सिख रेजिमेंट की एक टुकड़ी इस एक्सरसाइज में भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व कर रही है।
Updated on:
30 Oct 2019 11:39 am
Published on:
30 Oct 2019 11:37 am
