
298 दिन पद पर रहने के बाद जेएनवीयू कुलपति ने दिया इस्तीफा, स्वास्थ्य कारणों का दिया हवाला
जोधपुर. जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. गुलाब सिंह चौहान ने बुधवार शाम अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। खराब स्वास्थ्य और निजी कारणों का हवाला देते हुए प्रोफेसर चौहान ने अपना इस्तीफा राजभवन भेजा। वे 298 दिन तक अपने पद पर रहे। इसके साथ ही जोधपुर के 5 में से 4 विश्वविद्यालयों में कुलपति के पद रिक्त हो गए हैं। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन् राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, कृषि विश्वविद्यालय और सरदार पटेल पुलिस विश्वविद्यालय में पहले से ही कुलपति का पद खाली पड़ा है। केवल राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में ही कुलपति पद पर व्यक्ति काबिज है।
पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने के दिन 6 अक्टूबर 2018 को प्रोफेसर चौहान को जेएनवीयू का कुलपति नियुक्त किया था। कुलपति ने करीब 10 महीने कार्य किया। पत्रिका से बातचीत में प्रोफेसर चौहान ने बताया कि उनका स्वास्थ्य लंबे समय से ठीक नहीं है इसलिए वे पद छोड़ रहे हैं।
गौरतलब है कि प्रदेश में सरकार बदलने के बाद व्यास विश्वविद्यालय पर लगातार दबाव बना हुआ था। कई बार ग्रांट रुक रही थी। कुलपति पर भी विभिन्न कारणों से सरकार दबाव डाल रही थी। इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से हाल ही में लाया गया कुलपति विधेयक के कारण भी प्रो. चौहान असहज महसूस कर रहे थे।
Published on:
01 Aug 2019 01:47 pm
