
meeting of JDA officers, JDA Officers Pressure, jda officers, Jodhpur Development Authority, election year, jodhpur news, jodhpur news in hindi
अविनाश केवलिया/जोधपुर. चुनावी साल में सभी काम समय पर करने हैं। वहीं न्यायालय की फटकार के बाद सड़क पर गड्ढे भी जल्द भरने हैं। इसलिए जोधपुर विकास प्राधिकरण के अभियंताओं के आगामी दो माह तक अवकाश लेने और मुख्यालय छोडऩे पर पाबंदी लगा दी गई है। जेडीए आयुक्त दुर्गेश कुमार बिस्सा ने सोमवार को ली समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए।
आयुक्त बिस्सा ने पांचों जोन के अभियंताओं की सामूहिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्राधिकरण की ओर से करवाए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए विकास कार्यों में पूर्ण गुणवत्ता लाने के निर्देश दिए। निदेशक अभियांत्रिकी सुखराम चौधरी ने बताया कि कौटिल्य कौशल विकास नीति एवं योग केन्द्र का निर्माण शुरू करवाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जोन उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम एवं मुख्यालय सहित सभी सड़कों के पेचवर्क का कार्य किया जा रहा है। जेडीसी द्वारा दोष निवारण अवधि के अन्तर्गत आने वाली सभी सड़कों को संवेदक से दुरुस्त करवाते हुए शेष रही सड़कों को वार्षिक रख-रखाव अनुबंध के तहत एक सप्ताह में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
निविदाएं खुल गई, काम शुरू नहीं हुए
बैठक में आयुक्त बिस्सा ने ऐसे सभी कार्य की निविदा जारी करने के निर्देश दिए जिनकी नियमानुसार प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी हो चुकी है। आयुक्त द्वारा जिन कार्यों की निविदा खोली जा चुकी है उनके कार्यादेश जारी करने के साथ ही विभिन्न मंथर गति से चलने वाले कार्य एवं कार्यादेश जारी करने के बाद भी कार्य शुरू न करने वाले संवेदकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। शहर के विभिन्न नालों की कार्ययोजना के कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
महापुरुषों की प्रतिमाएं समय पर लगाने के निर्देश
जिन स्थानों पर महापुरुषों की प्रतिमाएं लगाने के लिए टैंडर जारी हो चुके हैं, वहां समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने न्यायालयों में लम्बित प्रकरणों के जवाब तैयार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा। सड़कों के दोनों ओर उगी झाडिय़ों को काटने के भी निर्देश दिए।
Published on:
21 Aug 2018 10:27 am
