जोधपुर।
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-18 में गुरुवार देर शाम तीन मंजिला इमारत में बेकरी दुकान में आग लगने के बाद ज्वैलरी शोरूम धधक गया। आग इतनी भीषण थी कि पूरा शोरूम व तीन मंजिला इमारत खाक हो गई। एक अन्य ऑफिस भी आग की चपेट में आ गया। तीनों प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों ने समय पर बाहर निकलकर जान बचाई। 10-12 दमकलों ने डेढ़-दो घंटे में आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
चौहाबो थानाधिकारी नितिन दवे ने बताया कि सेक्टर-18 में कॉर्नर पर तीन मंजिला इमारत है, जहां पीछे की तरफ पफ एण्ड पिज्जा नामक बेकरी दुकान है। देर शाम करीब सात बजे बेकरी दुकान में संभवत: शॉर्ट सर्किट हो गया और आग लग गई। वहां रखे घी से भरे कुछ टीन तक लपटें पहुंच गईं। जिससे आग तेज हो गईं। इमारत के आगे वाले हिस्से में श्रीनाथ ज्वैलर्स नामक शोरूम है। लपटों ने इस शोरूम को भी चपेट में ले लिया। पूरी तीन मंजिला इमारत धधकने लग गई। शहर में दूर-दूर तक लपटें नजर आने लगीं। इससे एकबारगी क्षेत्र में दहशत फैल गईं। शास्त्रीनगर, बासनी व नागौरी गेट से एक के बाद एक 10-12 दमकलें मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटों ने कुलदीप एंटरप्राइजेज नामक एक ऑफिस के आगे के कुछ हिस्से को भी चपेट में लिया। तीनों दुकानों से कर्मचारियों ने समय रहते बाहर निकलकर जान बचाई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी जयसिंह भी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। पुलिस व अग्निशमन कर्मचारियों को अंदेशा है कि बेकरी दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगी है।