
प्राइवेट छात्रों को आवेदन के लिए एक और मौका
जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय ने स्वयंपाठी/पूर्व छात्रों के लिए नरमी बरतते हुए उन्हें आवेदन करने का एक और मौका दिया है। इस साल स्वयंपाठी परीक्षाओं के बैठने के इच्छुक छात्र छात्राएं जो आवेदन नहीं कर पाए हैं वे 17 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें 5 गुणा परीक्षा शुल्क जमा करवाना होगा। इसमें सेमेस्टर पाठ्यक्रम शामिल नहीं है।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. जेताराम बिश्नोई ने बताया कि परीक्षार्थी परीक्षा आवेदन की प्रिन्ट कॉपी (हार्ड कॉपी) 18 जनवरी तक सम्बन्धित महाविद्यालयों/संग्रहण केन्द्र एवं संकायों में जमा करवा सकते हैं। ऐसे सभी परीक्षार्थियों को अन्तिम बार सूचित किया जाता है कि उक्त तिथि के बाद किसी भी परीक्षार्थी के परीक्षा आवेदन पत्र नही भरवाए जाएंगे।
गौरतलब है कि शैक्षणिक सत्र 2018-19 की परीक्षा में बैठने के लिए बीए, बीकॉम, एमए (बिना प्रायोगिक विषयों के), एमएससी गणित और एमकॉम के स्वयंपाठी व पूर्व परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा आवेदन एक अक्टूबर से शुरू हुए थे। बगैर विलम्ब शुल्क के 31 अक्टूबर आवेदन की अंतिम तिथि थी। इसके बाद 50 रुपए विलम्ब शुल्क के साथ 30 नवम्बर तक, दुगुने परीक्षा शुल्क के साथ 15 दिसम्बर और चौगुने परीक्षा शुल्क के साथ 31 दिसम्बर तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किया गया।
Published on:
10 Jan 2019 08:10 pm
