
जेएनवीयू: पुनर्मतगणना की मांग को लेकर प्रदर्शन
जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय में बुधवार को छात्र संघ चुनाव में उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे एबीवीपी के ओम सिंह राजपुरोहित ने अपने समर्थकों के साथ विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने कुलपति से उपाध्यक्ष पद की पुनर्मतगणना की मांग की। कार्यवाहक कुलपति डॉ विष्णु शर्मा ने मामला विश्वविद्यालय के मुख्य चुनाव अधिकारी और ग्रीवेंस कमेटी को भेजा है।
ओम सिंह राजपुरोहित ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ बुधवार दोपहर 12 बजे विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लिए हुए विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। कुछ समय बाद कुलपति डॉ शर्मा पहुंच गए, उन्होंने छात्रों को बातचीत के लिए अंदर बुलाया। राजपुरोहित ने कुलपति से कहा कि उन्होंने मतगणना समाप्ति के अगले दिन 29 अगस्त को ही अपनी शिकायत विश्वविद्यालय के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ रवि सक्सेना को दे दी थी लेकिन एक सप्ताह बाद भी ग्रीवेंस कमेटी की बैठक आयोजित नहीं की गई जबकि नियमानुसार 24 घंटे के भीतर कमेटी की बैठक का प्रावधान है।
गौरतलब है कि उपाध्यक्ष पद की मतगणना 28 अगस्त को रात 1 बजे तक चली थी। इसमें दोनों प्रत्याशियों के असंतुष्ट होने के बाद रिकाउंटिंग की गई थी। रिकाउंटिंग के बाद एनएसयूआई की सुशीला मेघवाल को 25 वोट से विजय घोषित किया गया था। राजपुरोहित का कहना है कि उसके कई वैध वोट खारिज कर दिए गए थे।
Published on:
04 Sept 2019 07:38 pm
