
खुलने लगा है 240 मत पेटियों में बंद 163 प्रत्याशियों का भविष्य, किसके सिर सजेगा अध्यक्ष पद का ताज
जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में मंगलवार को छात्र संघ चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद सभी 240 मतपेटियों को एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज के स्ट्रांग रूम में रखा गया है, जिसमें 36 पदों के लिए 163 प्रत्याशियों का भविष्य बंद है। मतगणना बुधवार सुबह 11 बजे शुरू हो चुकी है। पहला परिणाम दोपहर 12 बजे आने की उम्मीद है।
मतदान के बाद सभी 40 मतदान केंद्रों से 240 मतपेटियों को एमबीएम कॉलेज में पुलिस की कड़ी सुरक्षा में रख दिया गया था। यहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसमें से 160 मतपेटी एपेक्स के चारों पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और संयुक्त महासचिव पद की है। 32 मतपेटी कमला नेहरू कॉलेज और 16 मतपेटी सायंकालीन अध्ययन संस्थान में एपेक्स पदों की है। कक्षा प्रतिनिधियों की 32 मतपेटियां हैं। सुबह 9 बजे जेएनवीयू एपेक्स पद की मतपेटियों को छोडकऱ शेष 80 मतपेटियों को संबंधित संकाय में पुलिस सुरक्षा में भिजवाया गया है।
विज्ञान संकाय, कला संकाय, विधि संकाय, वाणिज्य संकाय, इंजीनियरिंग कॉलेज, केएन कॉलेज और सायंकालीन अध्ययन संस्थान के कक्षा प्रतिनिधियों की मतगणना संबंधित संकायों में ही होगी और वहीं पर परिणाम जारी कर विजेता प्रत्याशियों को शपथ दिलाई जाएगी। जेएनवीयू एपेक्स पद के लिए मतगणना करीब 6 राउंड में होगी। प्रत्येक राउंड में 2000 वोट गिने जाएंगे। अगर विवि मतगणना सुचारू कर लेता है तो शाम 5 बजे तक सभी परिणाम सामने आने की उम्मीद है।
Updated on:
28 Aug 2019 11:58 am
Published on:
28 Aug 2019 11:58 am
