
jnvu, JNVU election, jnvu news, JNVU dispute, jnvu student union, jodhpur news, jodhpur news in hindi
गजेंद्र सिंह दहिया/जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय की छात्रसंघ अध्यक्ष कांता ग्वाला द्वारा 6 सिक्योरिटी गार्ड सहित 14 कर्मचारी रखने के मामले को विवि के सिण्डीकेट सदस्यों फलोदी व बिलाड़ा विधायक ने गंभीर माना है। दोनों विधायकों ने सवाल उठाया, जब वे अपने साथ एक गार्ड नहीं रखते तो छात्रसंघ अध्यक्ष 6 गार्ड का क्या कर रही है? विधायकों ने इस मुद्दे को सिण्डीकेट बैठक में उठाने की बात कही है। उधर कुछ छात्रों ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के जयपुर मुख्यालय में शिकायत भेजकर विवि प्रशासन व छात्रसंघ अध्यक्ष के खिलाफ मामला दर्ज करने को कहा है। विवि के कार्यवाहक कुलपति डॉ. राधेश्याम शर्मा ने कहा कि वे शहर से बाहर है। सोमवार को विवि पहुंचकर कोई कार्रवाई करेंगे।
क्या है मामला
विवि ने एक अक्टूबर 2017 से छात्रसंघ अध्यक्ष कांता ग्वाला व उनके कार्यालय के लिए 6 सिक्योरिटी गार्ड, दो चपरासी, दो उच्च कुशल कर्मचारी, दो कुशल कर्मचारी व दो लिपिक सहित 14 कर्मचारी लगा रखे हैं। इन कार्मिकों का हर महीने वेतन के रूप में 1 लाख रुपए बन रहा है जो विवि खुद अपने खाते से खर्च कर रहा है। अब तक करीब 8 लाख रुपए का भुगतान हो चुका है।
न हाजिरी रजिस्टर, ना किसी ने देखा
सूत्रों के मुताबिक छात्रसंघ कार्यालय में लगे इन कर्मचारियों के लिए न तो हाजिरी रजिस्टर रखा हुआ है और ना ही विवि के किसी कर्मचारी ने इनको कभी देखा है। खुद कांता ग्वाला कभी भी किसी सिक्योरिटी गार्ड के साथ नजर नहीं आई, जबकि विवि ने उन्हें 6 गार्ड दिए हैं।
मुझे एक गार्ड मिला, वह भी नहीं लिया
हमें सरकार की ओर से एक गार्ड मिलता है लेकिन मैंने, बिलाड़ा विधायक अर्जुनलाल गर्ग व शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़ ने एक गार्ड तक नहीं लिया और छात्रसंघ अध्यक्ष को 6 गार्ड दे रखे हैं। जब भी सिण्डीकेट बैठक होगी मैं विवि से जवाब लूंगा।
पब्बाराम विश्नोई, फलोदी विधायक व सिण्डीकेट सदस्य जेएनवीयू जोधपुर
हमारे पास तो केवल 4 कर्मचारी थे
मेरे पास केवल 4 कर्मचारी थे, जिसमें से दो स्वीपर थे। दो अन्य कर्मचारी कार्यालयी कामकाज करते थे। सिक्योरिटी गार्ड कोई नहीं था।
रविंद्र सिंह राणावत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष जेएनवीयू
सोमवार को एक्शन लूंगा मैं अभी शहर से बाहर हूं। मामला मेरे ध्यान में अभी आया है। सोमवार को विवि पहुंचकर ही कोई कार्रवाई कर पाऊंगा।
डॉ. राधेश्याम शर्मा, कार्यवाहक कुलपति, जेएनवीयू जोधपुर
Published on:
15 Jun 2018 02:40 pm
