
jodhpur crime news, suicide in jodhpur, theft in jodhpur, atm loot in jodhpur, swindle in jodhpur, opium supply in jodhpur, jodhpur news in hindi, jodhpur news
हैण्डीक्राफ्ट श्रमिक ने कमरे में फंदा लगाया
जोधपुर. महामंदिर थानान्तर्गत बीजेएस कॉलोनी की गली-20 स्थित किराए के कमरे में हैण्डीक्राफ्ट के एक श्रमिक ने फंदा लगा जान दे दी। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। एएसआइ अर्जुनराम ने बताया कि मूलत: कोलू पाबूजी राठौड़ान हाल बीजेएस गली नं. 20 निवासी महेन्द्रसिंह (21) पुत्र खेतसिंह ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। मृतक हैण्डीक्राफ्ट की फैक्ट्री में लकड़ी का काम करता था। उसका रूम पार्टनर राखी पर गांव गया था। घरवालों ने सोमवार देर रात महेंद्र को फोन किया, लेकिन उसने उठाया नहीं। चिंतित परिजन ने पड़ोस में रहने वाले गांव के एक व्यक्ति को महेन्द्र के कमरे भेजा। रात करीब 12 बजे वह कमरे पहुंचा और दरवाजे के छेद से अंदर देखा तो महेन्द्र पंखे के फंदे पर लटक रहा था। उसने मकान मालिक को और फिर पुलिस को सूचना दी। रात्रि गश्त कर रही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजन को सूचित किया और शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम करा परिजन के सुपुर्द किया गया।
दिनदहाड़े मकान के ताले तोड़ छह लाख रुपए व आभूषण चोरी
बनाड़ थानान्तर्गत खोखरिया गांव के भैरुनगर में चोरों ने दिनदहाड़े एक मकान के ताले तोडकऱ छह लाख रुपए व सोने के आभूषण चुरा लिए। एसआइ कृष्णचंद ने बताया कि मूलत: आनंदपुर कालू (पाली) थानान्तर्गत पीपाड़ा, हाल भैरुनगर निवासी श्रवणसिंह पुत्र शेरसिंह रक्षाबंधन पर रविवार दोपहर पत्नी व बच्चों के साथ रिश्तेदार के घर गया था। कुछ देर बाद सभी घर लौटे तो मकान पर लगा एक ताला टूटा हुआ था। अंदर बक्से में रखे छह लाख रुपए, सोने की एक चेन व कानों की टोटियां गायब थी, जबकि अन्य आभूषण वहीं रखे थे। पुलिस का कहना है कि यह राशि अधिवक्ता श्रवणसिंह भूखण्ड खरीदने के लिए छह माह पूर्व किसी से उधार लाया था। पुलिस वारदात को लेकर कुछ आशंकित है। मामले की जांच की जा रही है।
नम्बर बताए न एटीएम स्वैप किया, खाते से निकले 35 हजार
महामंदिर थानान्तर्गत मदेरणा कॉलोनी में एक महिला के बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने पैंतीस हजार रुपए निकाल लिए। महिला का कहना है कि उसने न तो किसी को एटीएम कार्ड के नम्बर बताए और न कार्ड को कहीं स्वेप किया। पांच महीने की जांच के बाद पुलिस ने आइटी एक्ट में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मदेरणा कॉलोनी निवासी भगवती पत्नी प्रेमकुमार गहलोत का खाता एसबीआइ की हाईकोर्ट शाखा में है। गत 13 मार्च को खाते से पैंतीस हजार रुपए निकालने का मोबाइल संदेश मिला। उसने बैंक से सम्पर्क किया तो पता चला कि किसी ने एटीएम कार्ड से भदवासिया स्थित एटीएम से यह राशि निकाली थी। जबकि एटीएम कार्ड महिला के पास ही था।
उप कारागार में अफीम के दूध के साथ गिरफ्तार बंदी को जेल भेजा
जोधपुर जिले के फलोदी उपकारागार में अफीम के 45 ग्राम दूध के साथ गिरफ्त में आए बंदी को अदालत ने फिर जेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस के अनुसार फलोदी के उपकारागार में आकस्मिक तलाशी के दौरान 21 अगस्त को एडीजे नरेन्द्रसिंह मालावत ने नागौर जिले के चिमराणी गांव निवासी मानाराम पुत्र फरसाराम जाट को अफीम के 45 ग्राम दूध के साथ गिरफ्तार कर छह दिन के रिमाण्ड पर भेजा गया था। रिमाण्ड अवधि समाप्त होने पर बंदी को पुलिस ने सोमवार रात अतिरिक्त जिला न्यायाधीश (ग्रामीण) बृजेश पंवार के आवास पर पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए गए।
Published on:
29 Aug 2018 10:24 am
