
माहे रमजान के दौरान घरों में ही नमाज पढऩे की अपील, खाद्य आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
जोधपुर. रहमतों व बरकतों का महीना रमजान चांद नजर आने के आधार पर २५ अथवा २६ अप्रेल को शुरू हो जाएगा। मुस्लिम धर्मगुरुओं ने समुदाय के लोगों से पवित्र माह के दौरान नमाज, नफील नमाजों व कुरान की तिलावत घरों में ही करने व लॉकडाउन में जिला प्रशासन को पूरी तरह सहयोग करने की अपील की है।
खैरो बरकत के पवित्र माह रमजान को लेकर पुलिस व प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी। सोजती गेट चौकी के बाहर शुक्रवार शाम आयोजित बैठक में पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेन्द्रसिंह ने रमजान माह में फल, सब्जी व दूध की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुस्लिम धर्मगुरु मुफ्ती-ए-आजम राजस्थान शेर मोहम्मद से आग्रह किया गया कि वो समुदाय के लोगों से एक अपील जारी करें कि माहे रमजान में घर पर ही नमाज पढ़ें और लॉक डाउन में घरों से बाहर न निकलें।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेन्द्रसिंह ने बताया कि रमजान के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शाम को आयोजित बैठक में खाद्य सामग्री सप्लाई से जुड़े अधिकारी शामिल हुए। जिनसे रमजान माह में फल, दूध व खजूर की मांग का प्रतिदिन के हिसाब से विश्लेषण कर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सप्लाई के लिए कुछ स्थान तय किए गए, जहां वाहन खड़े कर दूध, फल व सब्जी की आपूर्ति की जाएगी। राजस्थान काजी काउंसिल के अध्यक्ष व शहर काजी सय्यद वाहिद अली ने भी समुदाय के सभी लोगों से प्रशासन को पूरा सहयोग करने की अपील की है।
Published on:
19 Apr 2020 03:03 pm
