
जोधपुर।
जोधपुरवासियों के लिए अच्छी खबर है। धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हरिद्वार की यात्रा के लिए यात्रियों को एक और नई ट्रेन मिली है। जोधपुर से दिल्ली सराय रोहिल्ला तक चलने वाली गाड़ी संख्या 22481/82 जोधपुर-दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन अब ऋषिकेश तक चलेगी। रेलवे की टाइम टेबल की कमेटी के समक्ष यह प्रस्ताव रखा गया है। रेलवे बोर्ड की ओर से इस ट्रेन के विस्तार की तिथि व नई समय सारणी अब घोषित की जाएगी।
--
हजारों यात्रियों को मिलेगा फायदा
हरिद्वार-ऋषिकेश धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। जोधपुर-दिल्ली सुपरफास्ट के ऋषिकेश तक विस्तार हो जाने से जोधपुर से हरिद्वार के लिए दो ट्रेनें हो जाएगी। रेलवे की ओर से जोधपुर से हरिद्वार के बीच एकमात्र ट्रेन 24888 बाड़मेर-ऋषिकेश एक्सप्रेस चलाई जा रही है। जिसका संचालन अभी कोरोना के कारण बंद है। यह ट्रेन जोधपुर व मारवाड़ के नागरिकों के अपर्याप्त साबित हो रही है। इस ट्रेन में हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को टिकट बुक कराने के बाद भी कई बार कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाता है। इससे हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को परेशानी होती है। जोधुपर-दिल्ली सुपरफास्ट के विस्तार से यह समस्या काफी हद तक हल हो जाएगी।
---
संतों व जनप्रतिनिधियों ने उठाया था मुद्दा
हरिद्वार के लिए केवल एक ट्रेन होने से यात्रियों की परेशानी को देखते हुए लंबे समय से अतिरिक्त ट्रेन की मांग की जा रही है। जोधपुर के संत समुदाय ने जनप्रतिनिधियों के समक्ष जोधपुर-दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन के हरिद्वार-ऋषिकेश तक बढ़ाने की मांग की थी। संतों ने तर्क दिए थे कि जोधपुर-दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन पर 18 घंटे पड़ी रहती है। इस गाड़ी के दिल्ली से हरिद्वार-ऋषिकेश तक बढ़ा दिया जाए तो जोधपुरवासियों को हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए एक और अतिरिक्त गाड़ी मिल जाएगी। जनप्रतिनिधि भी रेलमंत्री के समक्ष इस मुद्दे को लगतार उठाते रहे है।
----
Published on:
20 Jun 2020 10:04 am
