
खेजड़ली मेला आज, देश भर से आएंगे श्रद्धालु
जोधपुर. खेजड़ली में 288 साल पूर्व पेड़ों की रक्षार्थ प्राणों का परित्याग करने वाले 363 लोगों की याद में बुधवार को मेले का आयोजन किया जाएगा। अखिल भारतीय जीव रक्षा विश्नोई सभा एवं खेजड़ली शहीदी राष्ट्रीय पर्यावरण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले शहीदी मेले में मंगलवार शाम को मुकाम पीठाधीश्वर स्वामी रामानंद आचार्य, स्वामी भागीरथ दास आचार्य, स्वामी शिव दास रुड़कली, स्वामी शंकर दास खेजड़ली आदि संतों के सानिध्य में जागरण एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। विश्नोई समाज के धर्मगुरुओं के सान्निध्य में सुबह 7 बजे से हवन के बाद ध्वजारोहण कर मेले की शुरुआत की जाएगी। पर्यावरण संस्थान के महेन्द्र विश्नोई ने बताया कि सुबह 11 बजे शहीद स्मारक परिसर में अधिवेशन होगा। जिसमें देश भर के पर्यावरण प्रेमी 363 शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। विश्नोई टाइगर्स वन्य एवं पर्यावरण संस्था के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल भवाद ने बताया कि खेजड़ली मेला परिसर में संस्था के सदस्यों की ओर से रक्तदान कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। राजस्थान पत्रिका के हरयाळो राजस्थान के तहत खेजड़ली स्मारक स्थल परिसर में संस्था के संगठन मंत्री उदाराम गोदारा एवं जिला अध्यक्ष रामूराम गोदारा के संयोजन में पौधरोपण किया जाएगा।
363 दीप प्रज्ज्वलित कर खेजड़ली शहीदों को किया नमन
गुरु जम्भेश्वर वन्यजीव एवं पर्यावरण विकास संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष पुखराज खेड़ी के संयोजन में खेजड़ली मेले की पूर्व संध्या पर मंगलवार शाम को नई सड़क राजीव गांधी प्रतिमा के पास 363 दीप प्रज्ज्वलित कर खेजड़ली शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में संस्थान के प्रदेश महासचिव रामेश्वर मांजू, जिलाध्यक्ष राजवीर जाणी, बाबूभाई, किशन एकलखोरी, श्रीराम सौऊ , सोमराज भादू, इन्द्रजीत गीला, खम्मूराम विश्नोई,जेताराम आदि ने पेड़ों के लिए ३६३ शहीदों के बलिदान को विश्व की अनूठी मिसाल बताया। दो मिनट का मौन रखकर एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। खेजड़ली शहीदी स्मारक पर भी विश्नोई समाज के लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
Published on:
19 Sept 2018 01:54 am
