
जो बैंक केन्द्र सरकार की मंशा के अनुरूप काम नहीं करेगा, उसके विरूद्ध कार्रवाई होगी
जोधपुर।
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने कहा कि केन्द्र सरकार ने कोरोना के कारण संकट में आए सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों के लिए 3 लाख करोड़ का विशेष राहत पैकेज रखा था । इस पैकेज का संपूर्ण लाभ सूक्ष्म लघु उद्यमों को मिले इसके लिए केंद्र सरकार ने विशेष निर्देश दिए है। जो बैंक केंद्र सरकार की मंशा के अनुरूप काम नहीं करेगा, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। लघु उद्योग भारती की ओर से मंगलवार को प्रमुख बैंकर्स व उद्यमी संगठनों की कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें आर्थिक पैकेज को लागू करने में आ रही विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की गई।
लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने कहा कि इस आर्थिक पैकेज को लागू करने को लेकर विभिन्न समस्याएं आ रही है। जिससे इसका पूरा लाभ उद्यमियों को नहीं मिल पा रहा है। जब तक बैंकर्स उद्यमियों का सहयोग नहीं करेंगे तब तक इस राहत पैकेज का पूरा लाभ नहीं मिल पाएगा। बैंकर्स की ओर से एसबीआइ के डीजीएम सुमित कुमार ने बैंकों की ओर से अब तक किए गए प्रयासों के बारे में जानकारी दी । कार्यशाला का संचालन लघु उद्योग भारती के आंचल महामंत्री महावीर चौपड़ा ने किया । कार्यशाला में लघु उद्योग भारती के अलावा शहर के अन्य औद्योगिक संगठनों, सरकारी व निजी बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
--
लघु उद्योग भारती ने बनाए 100 कलस्टर
ऐसे उत्पाद जो अब तक देश में नहीं बन पा रहे है और जिन्हें बाहर से आयात करना पड़ रहा है। ऐसे उत्पादों का देश में कैसे निर्माण हो इसके लिए लघु उद्योग भारती ने 100 क्लस्टर बनाए है। ओझा ने बताया कि लघु उद्योग भारती देशभर के उद्यमियों से लगातार ले रही फ ीडबैक को वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण तक पहुंचाया जाएगा। राहत पैकेज को पास आउट करने में कोताही बरतने वाले बैंकर्स पर भी अंकुश लगाने की मांग की जाएगी ।
Published on:
09 Jun 2020 09:54 pm
