
जोधपुर-बैंगलुरु जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में होंगे एलएचबी कोच
जोधपुर. रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुविधा के लिए बैंगलुरु जाने वाले दो जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों में एलएचबी कोच लगाएगा। जोधपुर रेल मण्डल के प्रवक्ता गोपाल शर्मा के अनुसार गाड़ी संख्या 16508/07 बैंगलुरु-जोधपुर -बैंगलुरु एक्सप्रेस में बैंगलुरु से 26 फरवरी से व जोधपुर से 29 फरवरी से एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 16534/33 बैंगलुरु-जोधपुर-बैंगलुरु एक्सप्रेस में बैंगलुरु से 15 मार्च से व जोधपुर से 18 मार्च से एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इन ट्रेनों में 3 सैकण्ड एसी, 3 थर्ड एसी, 10 द्वितीय शयनयान श्रेणी, 2 साधारण श्रेणी, 1 पेन्ट्रीकार तथा 2 पॉवरकार सहित कुल 21 डिब्बे होंगे।
रेलवे अस्पताल की समस्याओं को लेकर मुख्य चिकित्सा निदेशक को ज्ञापन जोधपुर. नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लॉयज यूनियन जोधपुर मण्डल की ओर से रेलकर्मियों की चिकित्सा संबंधित समस्याओं व रेलवे अस्पताल में अनियमितताओं के निवारण के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी केएल दास को ज्ञापन सौंपा गया। मण्डल सचिव मनोजकुमार परिहार ने बताया कि मण्डल चिकित्सालय में चिकित्सकों की कमी को दूर करने, अस्पताल में लंबे समय से बंद पड़ी लिफ्ट की मरम्मत कराने, अस्पताल में हो रही अनियमितताओं में सुधार करने की मांग की गई।
ज्ञापन में फलोदी स्थित रेलवे डिस्पेन्सरी को जैसलमेर स्थानान्तरित नहीं करने, लम्बे समय से बीमारी के कारण सिक में चल रहे कर्मचारियों के लिए मेडिकल बोर्ड गठन कर शीघ्र निष्पादन कराने की मांग की। इस दौरान यूनियन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। मुख्य चिकित्सा निदेशक दास ने समस्याओं के निदान का आश्वासन दिया।
दो ट्रेनों में डिब्बें बढाए
जोधपुर. रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए मार्च माह से दो ट्रेनों में डिब्बों की स्थाई बढ़ोतरी की है। गाड़ी संख्या 22478/77 जयपुर-जोधपुर-जयपुर सुपरफ ास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में १ मार्च से 1 थर्ड एसी श्रेणी डिब्बे की बढोतरी की जा रही है। इससे जयपुर, फ ुलेरा, कुचामन सिटी, मकराना, डेगाना, मेडता रोड, राइकाबाग व अन्य स्टेशनों के यात्रियों को प्रत्येक फेरे में थर्ड एसी श्रेणी की 72 सीटें अधिक उपलब्ध होगी। गाड़ी संख्या 22475/76 हिसार-कोयम्बटूर-हिसार एक्सप्रेस 5 मार्च से व कोयम्बटूर से 7 मार्च से 1 थर्ड एसी डिब्बे की स्थाई बढोतरी की गई है। इससे बीकानेर, जोधपुर, पालनपुर, आबूरोड, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, वसई रोड, मंगलोर व अन्य स्टेशनों के यात्रियों को प्रत्येक फेरे में थर्ड एसी श्रेणी की 72 बर्थ अधिक उपलब्ध होगी।
Published on:
26 Feb 2020 01:12 pm
