
जोधपुर में शाम को हल्की बारिश, आज भी होगी बरसात
जोधपुर. प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है। जोधपुर व आसपास के गांवों में दोपहर बाद हल्की बारिश हुई। धुंधाड़ा में एक घण्टे तक मेघ बरसे। झालामण्ड में बरसात से सडक़ों पर पानी के रेले चले लेकिन शहर में केवल 2.6 मिलमीटर ही बरसात हो सकी। नागौर और पाली में मूसलाधार बारिश हुई। पाली शहर में 24, बाली में 44, देसूरी में 75 और रोहट में 60 मिमी पानी बरसा। वहां अरावली की पहाडिय़ों में झरने बह निकले। नागौर में 29, मूंडवा में 33, खींवसर में 26, मेड़ता में 29, लाडऩू में 22, नावां में 18 मिमी बारिश हुई। जालोर, सिरोही, बाड़मेर और जैसलमेर के अधिकांश हिस्से सूखे रहे। माउंट आबू में बारिश नहीं होने से सैलानी परेशान है।
उधर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बरकरार है। मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों के लिए जोधपुर और बीकानेर संभाग को छोडकऱ शेष पांचों संभाग में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने इसके लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिनभर की उमस के बाद शाम को फुहारें
जोधपुर में सुबह से ही घने बादलों की आवाजाही शुरू हुई। सुबह-सुबह फुहारें गिरी। न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री था। दिन चढऩे के साथ सूरज व बादलों की आंख मिचौनी चलती रही। दोपहर में तापमान 33.2 डिग्री से ऊपर नहीं गया। शाम को बादलों की घनी आवाजाही के साथ हल्की बारिश हुई लेकिन शहर के बाहरी इलाकों मे झमाझम बारिश से बाळे बह निकले। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से जोधपुर में बारिश की तीव्रता बढऩे की उम्मीद है।
गांवों में बारिश
जोधपुर के गांवों में बारिश के समाचार हैं। लूणी में 6, ओसियां में 3, बालेसर में 2, तिंवरी में 7, बापिणी में 5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बाड़मेर और जैसलमेर में उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल किए रखा। यहां न्यूनतम तापमान क्रमश: 28.4 व 27.7 और अधिकतम 37.2 व 38 डिग्री मापा गया।
Published on:
10 Aug 2020 11:00 pm
