
जिला जज भर्ती परीक्षा में सभी मजिस्ट्रेट हुए फेल, वकील भी सिर्फ 7 ही हुए हैं पास
जोधपुर/जयपुर. प्रदेश में जिला जज भर्ती—2018 में शामिल हुए सभी मजिस्ट्रेट फेल हो गए हैं और वकील भी 7 ही पास हुए हैं, जबकि पदों की संख्या 48 है। हाई कोर्ट प्रशासन ने रविवार को परिणाम घोषित कर दिया। हाईकोर्ट ने पिछले दिनों ही परिणाम जारी करने की अनुमति दी थी। अधिवक्ता कोटे के सभी 7 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। 23 एवं 24 फरवरी को जिला जज सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा हुई थी। इसके लिए 2660 वकील और 55 न्यायिक अधिकारियों को पात्र माना गया था।
राजस्थान न्यायिक सेवा नियमों के अनुसार जिला जज की सीधी भर्ती में न्यायिक अधिकारियों के लिए 25 प्रतिशत पद आरक्षित हैं, जिनके लिए 55 अधिकारियों को पात्र माना था। रजिस्ट्रार परीक्षा के अनुसार इस संवर्ग से एक भी अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए नहीं चुना गया। इस भर्ती के लिए पिछले साल 22 सितंबर को आवेदन मांगे गए थे।
सुबह हुई थी पूर्ण पीठ की बैठक
परिणाम के अनुमोदन के लिए रविवार सुबह जयपुर में हाईकोर्ट न्यायाधीशों की पूर्ण पीठ की बैठक हुई थी। मुख्य न्यायाधीश एस रविंद्र भट्ट की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें शामिल होने जोधपुर से भी न्यायाधीश आए थे।
Published on:
26 Aug 2019 10:36 am
