
ring road news, jodhpur ring road project, roads in jodhpur, national highway authority, jodhpur news, jodhpur news in hindi
अविनाश केवलिया/जोधपुर. पांच हाइवे को जोड़ कर शहर से गुजरने वाले भारी वाहनों को बाइपास देने वाली रिंग रोड का निर्माण नए साल में शुरू होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इस सडक़ का काम शुरू करने की डेडलाइन छह माह पहले गुजर चुकी है। अब तक एक चौथाई से अधिक काम हो जाना था, लेकिन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण अब केन्द्रीय मंत्री के हाथों इस सडक़ का शिलान्यास करवाने की तैयारी कर रहा है। जोधपुर शहर के निकट डांगियावास से पाली रोड, केरू होते हुए नागौर रोड तक रिंग रोड का पहला चरण है। दूसरे चरण में नागौर रोड से डांगियावास तक काम होगा। राजस्थान हाईकोर्ट ने इस सडक़ का काम शुरू करने की डेड लाइन गत वर्ष 8 जुलाई को तय की थी। लेकिन काम शुरू नहीं हुआ और कहा गया कि भू अधिग्रहण के बाद अतिक्रमण हटाने का काम बाकी है। तब तक सडक़ विस्तार सीमा में अंडरग्राउंड पानी, बिजली लाइन का काम भी नहीं हुआ और पेड़ भी नहीं हटाए जा सके थे। अब करीब छह माह विलंब के बाद इस सडक़ के शिलान्यास की तैयारियां की जा रही हैं।
एक नजर में रिंग रोड प्रोजेक्ट
- 75 किलोमीटर लंबा रिंग रोड का पहला चरण
- 26 किलोमीटर रिंग रोड दूसरे चरण में बनेगी
- 5 जिलों की प्रमुख सडक़ों को जोड़ेगी रिंग रोड
- 11 सौ करोड़ से अधिक खर्च होंगे पहले चरण में
- 8 जुलाई थी इस काम को शुरू करने की डेडलाइन
- पिछले दो साल में कई बार बढ़ी काम शुरू करने की डेडलाइन
- 15 फ्लाइओवर व अंडरपास प्रस्तावित है इस रिंग रोड पर
बड़े वाहनों का शहर में प्रवेश रुकेगा
सभी 5 जिलों को जोधपुर से जोडऩे वाली प्रमुख सडक़ों पर यह रिंग रोड बनने से अब भारी वाहनों का बाइपास से सीधे ही अन्य स्थानों पर परिवहन होगा। इससे शहरी सडक़ों पर भारी वाहनों का दबाव कम हो सकेगा।
3 शिलान्यास और 3 लोकार्पण करेंगे
एनएचएआइ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर एसके मिश्रा ने बताया कि 5 जनवरी को प्रस्तावित केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कार्यक्रम में 6 प्रोजेक्ट का शिलान्यास व लोकापर्ण होगा। इसमें सबसे बड़ा रिंग रोड प्रोजेक्ट का शिलान्यास, 2 भारतमाता प्रोजेक्ट की सडक़ों का शिलान्यास प्रस्तावित है। साथ ही 3 सडक़ एनएचएआई की जो कि बाड़मेर व बीकानेर में बनी है उसका भी लोकार्पण किया जाएगा।
Published on:
02 Jan 2019 12:01 pm
