
तस्करी के वाहन को एस्कोर्ट कर रह बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग
जोधपुर.
जिले में पीपाड़ शहर से साथीन रोड पर गुरुवार रात २.३० बजे पुलिस से बचने के लिए भागने के दौरान चोरी की लग्जरी कार खाई में जाकर पलट गई और उसमें सवार तीन युवकों ने पुलिस पर फायरिंग की। दो युवक भाग गए। घुटने में गोली लगने से घायल एक युवक को पुलिस ने पकडक़र मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनिल कयाल ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान २.३० बजे पीपाड़ से डेढ़ किमी दूर साथीन रोड पर पुलिस को संदिग्ध कार नजर आई तो रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक कार को तेज रफ्तार से भगाने लगे। पुलिस के पीछा करने पर कुछ दूरी पर कार अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खुदी खाई में जाकर पलट गई। उसमें से तीन युवक बाहर निकले और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे। पुलिस को देख युवकों ने पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। पुलिस ने खुद का बचाव कर युवकों को पकडऩे का प्रयास किया।
इस आपाधापी व अंधेरे में बदमाशों की एक गोली उन्हीं के साथी नांदिया प्रभावती निवासी महिपाल पुत्र खेताराम बिश्नोई के घुटने में जा लगी और वह घायल होकर गिर गया। दोनों युवक उसे छोड़ भाग निकले। पुलिस ने महिपाल को पकड़ा और नजदीक के अस्पताल लेकर गई, जहां से उसे एमडीएम अस्पताल रैफर किया गया। पुलिस संरक्षण में उसे भर्ती किया गया है। देर शाम उसके घुटने का ऑपरेशन किया गया।
तस्करी के वाहन को एस्कॉर्ट कर रहे थे युवक
पीपाड़ शहर थानाधिकारी बाबूलाल का कहना है कि कार में महिपाल पुत्र खेताराम बिश्नोई व दो अन्य युवक थे। जो मादक पदार्थ या अवैध शराब से भरे वाहन को एस्कॉर्ट कर रहे थे। पुलिस को देख भागने के दौरान कार पलट गई। तस्करी के वाहन को भगा ले गए। पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने फायरिंग की। पुलिस की तरफ से गोली नहीं चलाई गई। फरार होने वाले दो युवकों में से एक की पहचान सुनील के रूप में की गई है। तीनों के खिलाफ जानलेवा हमला, राजकार्य में बाधा डालने व आम्र्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
हरियाणा से चोरी की निकली लग्जरी कार
खाई में पलटी लग्जरी कार जब्त कर थाने लाई गई। उसमें धारदार फरसा भी मिला। जांच में कार के हरियाणा से चोरी होने का पता लगा। हरियाणा पुलिस को सूचित किया गया है।
Published on:
30 Jan 2021 04:46 pm
