
कोरोना काल में लापता तिंवरी की एंबुलेंस 104!
तिंवरी (जोधपुर). कोरोना काल के चलते एक ओर जहां तिंवरी अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने में भरसक प्रयास किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर अस्पताल में पहले से मौजूद एंबुलेंस 104 लापता है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तिंवरी पर इलाके के भामाशाह तन-मन-धन से सहयोग कर सुविधाएं बढाने में जुटे है। भामाशाहों के सहयोग से यहां हाल ही में अस्पताल में विद्युत जनरेटर, बेड, पलंग, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, ईसीजी मशीन, पल्स ऑक्सीमीटर, वाटर कूलर समेत अन्य कई सुविधाएं जुटाई है।
भामाशाहों को उम्मीद है कि इन सुविधाओं से मरीजों की परेशानी दूर होगी और उन्हें अस्पताल में अच्छा उपचार मिलेगा। वहीं दूसरी ओर पिछले 5-6 वर्ष से अस्पताल में जननी सुरक्षा योजना के तहत एंबुलेंस 104 सेवा उपलब्ध थी। लेकिन अब यहां की एंबुलेंस लापता नजर आ रही है।
अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल पा रही है। ऐसे में कोरोना काल के चलते इस सेवा के बंद होने से प्रसुताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। परिजनों को प्रसुताओं को अस्पताल लाने-लेजाने में परेशानी होती है।
मुझे जानकारी नहीं
इस बारे में मुझे ज्यादा जानकारी नहीं है। इस बारे में आपको बीसीएमओ जानकारी दे सकते हैं।
जितेन्द्र विश्नोई, प्रभारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, तिंवरी
प्रभारी से बात करती हूं
इस बारे में आपको तिंवरी चिकित्सा प्रभारी से जानकारी मिलेगी। उन्होंने आपको जानकारी नहीं दी है तो मैं उनसे बात करती हूं।
-नेहा चौधरी, बीसीएमओ
मैं बात करता हूं
इस बारे में आपने अवगत करवाया है। एंबुलेंस 104 की जानकारी लेता हूं।
-रतनलाल रैगर, उपखंड अधिकारी
Published on:
23 May 2021 09:22 am
