
जेल में लॉरेंस के शूटर तक पहुंचा मोबाइल
जोधपुर.
सेंट्रल जेल प्रशासन की सख्ती के बावजूद हार्डकोर अपराधियों तक धड़ल्ले से मोबाइल व सिम पहुंच रहे हैं। रंगदारी के लिए जोधपुर शहरवासियों व व्यवसायियों में खौफ पैदा करने वाले लॉरेंस विश्नोई के शूटर व हार्डकोर हरेन्द्र उर्फ हीरा जाट के पास भी मोबाइल पहुंच गया। सेंट्रल जेल प्रशासन की ओर से २१ जुलाई से १६ अगस्त तक चलाए गए तलाशी अभियान में सोलह मोबाइल व ग्यारह सिम जब्त की गई थी। इस मामले में हीरा समेत सात बंदियों के खिलाफ गुरुवार को रातानाडा थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
सहायक पुलिस आयुक्त (पूर्व) सुधीर चौधरी ने बताया कि जेल प्रशासन की ओर से चलाए गए विशेष तलाशी अभियान में सात बंदियों के अलावा शौचालय व नालियों में छुपाए सोलह मोबाइल व ग्यारह सिम बरामद की गई। अभियान के दौरान लॉरेंस के शूटर शेरगढ़ थानान्तर्गत दासानिया गांव निवासी हरेन्द्र उर्फ हीरा जाट से एक मोबाइल व एक सिम, महेन्द्र सिंह से एक सिम, सुभाष से एक मोबाइल, राजू से चार मोबाइल, खुशवंताराम से एक मोबाइल व एक सिम, बीरमाराम से एक मोबाइल व एक सिम और सुरेन्द्र सिंह से एक मोबइाल व एक सिम बरामद की गई थी।
इसके अलावा जेल परिसर में शौचालय, नालियों में छुपाकर रखे नौ मोबाइल लावारिस हालत में बरामद हुए थे। जेल प्रहरी खारिया गांव निवासी सुरेन्द्र सिंह की तरफ से रातानाडा थाने में मामला दर्ज कराया गया है। जांच कर रहे बुद्धाराम ने बताया कि यह मोबाइल व सिम अलग-अलग दिनों में जब्त किए गए थे। आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर जांच की जाएगी।
शूटर के विशेष सेल में बंद होने के बावजूद पहुंचा मोबाइल
आइपीएस चौधरी का कहना है कि विशेष सेल में बंद लॉरेंस गैंग के शूटर व हार्डकोर अपराधी हरेन्द्र उर्फ हीरा जाट तक मोबाइल पहुंचना चिंता का विषय है। उसके मोबाइल व सिम की जांच में सामने आएगा कि वह किन लोगों के सम्पर्क में था और कोई और साजिश तो नहीं रच रहा था।
Published on:
14 Sept 2018 12:45 am
