
जोधपुर. सरदारपुरा थाना पुलिस ने गोल बिल्डिंग सर्किल के पास राह चलते छात्र के हाथ से मोबाइल लूटने के मामले में रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी हत्या के मामले में तीन साल तक जेल में बंद रह चुका है। जबकि दूसरा आरोपी गायब होने से पकड़ में नहीं आ पाया। थानाधिकारी कैलाश पारीक के अनुसार प्रकरण में वारदातस्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग के आधार पर मोटरसाइकिल सवार दोनों लुटेरों की पहचान की गई थी। उप निरीक्षक दिनेश, हैड कांस्टेबल प्रकाश व कांस्टेबल मघाराम ने संभावित ठिकानों की तलाशी लेकर प्रतापनगर थानान्तर्गत नाइयों की बगेची के पास निवासी मोहम्मद यासीन (25) पुत्र मोहममद सद्दीक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अनीस के साथ मिलकर वारदात करना कबूल कर लिया। इस पर मोहम्मद यासीन को गिरफ्तार किया गया। जबकि अनीस की तलाश की जा रही है।
शराब को लेकर उपजे विवाद है हत्या का आरोपी
उप निरीक्षक दिनेश का कहना है कि आरोपी मोहम्मद यासीन वर्ष 2010 में शराब को लेकर उपजे विवाद में एक युवक की हत्या का आरोपी रहा है। पुलिस स्टेशन खाण्डा फलसा के इस मामले में वह तीन साल तक जेल में बंद रहा था। वह ढाई साल पहले ही जेल से रिहा हुआ था।