
Jodhpur Violence LIVE Update : घरों में मासिक राशन खत्म, सब्जियां भी नहीं, बच्चों को पिला रहे डिब्बा बंद दूध
जोधपुर. उपद्रव का दंश कर्फ्यू के रूप में झेल रहे पुरा मोहल्ला-भजन चौकी के कई परिवारों के घर में माह की शुरुआत में कर्फ्यू लगने से मासिक राशन खत्म हो चुका हैं। लोगों का कहना हैं कि वे तो पूरे माह का एक साथ राशन लाते हैं, कोरोनाकाल में भी कुछ घंटे दुकानें खोलने की छूट थी, लेकिन इन दिनों वे घर में बचे हुए खाद्य आइटमों के जरिए कार्य चला रहे हैं। कई घरों में तो सब्जियों का भी टोटा हो चला है। गुरुवार को इन क्षेत्रों में दूध तक नहीं आया। इस कारण बच्चों को गुरुवार को खुले मेडिकल स्टोर्स से डिब्बा बंद दूध लाकर पिलाया गया। पत्रिका ने सख्ती झेल रहे पुरा मोहल्ला के क्षेत्रवासियों से जाकर उनका दर्द सुना।
बच्चों को सुबह से दूध नहीं पिलाया है। थोड़ा बहुत राशन घर पर बचा है। उसके भरोसे सभी अपना पेट भर रहे हैं। इन हालातों में कितने दिन कार्य चलाएंगे।
- लालकौर बोहरा
------------
हमारे मोहल्ले में फिलहाल हालात शांतिपूर्ण है, लेकिन दैनिक खान-पान की वस्तुओं की खरीद को लेकर समस्याएं आ रही हैं। दवा लेने भी बाहर निकल रहे है तो सौ सवाल पूछे जा रहे हैं। दवाइयों की दुकान गत दो दिनों से बंद थी, जो गुरुवार को खुली है।
- दीपक गज्जा
--------------
क्षेत्र में पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग है। किराणा को लेकर बहुत दिक्कतें आ रही है। इंटरनेट बंद पड़ा है, कई लोग वर्क फ्रॉम होम जैसे कार्य भी नहीं कर पा रहे है।
- अश्विनी गज्जा
-----------
मेरे घर से एम्स, मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स व स्टूडेंट्स आदि के हॉस्टल में खाना पहुंचता है। मेरे पास सारा किराणा खाली हो चुका है। कई लोग ऐसे हैं, जो घर में सिंगल रहते है। मैं उनके यहां भी खाना नहीं पहुंचा पा रहा हूं। मुझे इस बात का दुख हो रहा है।
- विजय मत्तड़
Published on:
05 May 2022 06:57 pm
