
दो दर्जन से अधिक डेंगू रोगी मिले
जोधपुर. जोधपुर में डेंगू रोगियों की संख्या में कमी नहीं आई है। शहर में शनिवार को डेंगू रोगियों के आंकडे 28 से अधिक सामने आए। ये रोगी कार्ड व एलाइजा टेस्ट से पॉजिटिव आ रहे हैं। डेंगू मरीजों का आंकड़ा जोधपुर में 8 सौ पार कर चुका है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक डेंगू की रिपोर्ट सावर्जनिक नहीं की जा रही है। इस कारण सच्चाई भी आमजन के सामने नहीं आ रही है। डेंगू जागरूकता जैसे अभियान भी न के बराबर दिख रहे हैं। चिकित्सा अधिकारी आस लगाए बैठे हैं कि दिवाली बाद डेंगू कम हो जाएगा।
शुक्रवार को हुई थी चौथी मौत
इस साल डेंगू जानलेवा भी रहा है। गत शुक्रवार को उम्मेद अस्पताल में एक बालक की मौत हो गई। मेड़ता सिटी निवासी धनराज वैष्णव (12) का निधन हो गया। ये बच्चा एक निजी अस्पताल से सरकारी अस्पताल में भर्ती हुआ था। अस्पताल लाने के दौरान भी इसकी हालत गंभीर थी। इससे पहले एक-एक युवक-युवती और एक बच्ची की मौत डेंगू से हुई थी। हालांकि इस मृतक की रिपोर्ट कार्ड टेस्ट में पॉजिटिव आई है, एलाइजा टेस्ट रिपोर्ट अब आएगी। वहीं बीते तीन दिन में डेंगू मरीज 85 से अधिक सामने आए हैं।
कोरोना की शून्य अवस्था बरकरार
जोधपुर जिले में दिवाली, रामा-श्यामा व भाईदूज पर कोरोना रोगियों की संख्या शून्य रही। वहीं एक रोगी डिस्चार्ज हुआ। वर्तमान में 2 एक्टिव केस चल रहे हैं। इस साल अब तक 71248 पॉजिटिव, डिस्चार्ज 67507 और 12 सौ की मौत हुई। गत 6 दिन में कोई भी कोरोना रोगी पॉजिटिव नहीं आया है।
Published on:
06 Nov 2021 10:01 pm
