
जोधपुर के बदमाशों के सम्पर्क में रहा है हत्या का आरोपी रोहित गोदारा
जोधपुर।
जयपुर में सुखदेवसिंह गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले एक लाख रुपए के इनामी रोहित गोदारा व गैंग ने गत वर्ष सीकर में राजू ठेहट की हत्या के बाद खतरनाक हथियार बीकानेर के एक बदमाश के मार्फत फलोदी व लोहावट तक भिजवाए थे। बीकानेर पुलिस ने एक साल पहले भोजाकोर में दबिश देकर हथियार और तीन किलो एमडी ड्रग्स जब्त की थी। अवैध हथियारों के मामले में एक लाख रुपए के इनामी रोहित गोदारा की भूमिका भी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार राजू ठेहट की हत्या के बाद आरोपियों ने खतरनाक हथियारों की खेप बीकानेर निवासी पंकज सारस्वत के मार्फत लोहावट में जम्भेश्वर नगर निवासी मनीष बिश्नोई व उसकी गैंग तक पहुंचाई थी। 8 दिसम्बर 2022 को पंकज एक बैग भरकर हथियार लाया था और फलोदी में मनीष, महिपाल, राजेश व मनीष को हथियार की सुपुर्दगी दी थी।
बीकानेर पुलिस ने 15 दिसम्बर 2022 को भोजाकोर में दबिश व घेराबंदी कर बोलेरो कैम्पर सवार जम्भेश्वर नगर निवासी मनीष बिश्नोई को गिरफ्तार किया था। उससे हॉकी बट बंदूक और चार जिंदा कारतूस व मैग्जीन जब्त की गई थी। यह हथियार राजू ठेहट के हत्यारों की ओर से भेजी हथियारों की खेप में शामिल था। इस मामले में बीकानेर जिले के कपूरीसर गांव निवासी रोहित गोदारा की भी भूमिका है। फिलहाल कुछ और आरोपी भी पकड़े जाने बाकी हैं। पुलिस का कहना है कि इनके पकड़े जाने के बाद रोहित गोदारा की पूरी भूमिका स्पष्ट हो पाएगी। रोहित गोदारा पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित है।
आरोपी मनीष से पूछताछ के बाद जम्भेश्वर नगर में मनीष शेखाणी के घर के बाहर खड़ी एसयूवी से 3.3 किलो एमडी ड्रग्स पकड़ी गई थी।
सूत्रों की मानें तो लॉरेंस व रोहित गोदारा गैंग जोधपुर के एक हार्डकोर बदमाश पर हमले की फिराक में थी। इसके लिए गिरोह के कुछ बदमाशों ने हथियारों के साथ कुछ समय पहले जोधपुर में पनाह भी ली थी, लेकिन हार्डकोर उनके हाथ नहीं आया था।
Published on:
06 Dec 2023 12:06 am
