जोधपुर।
उधार के रुपए व मोटा ब्याज वसूलने के लिए बासनी थानान्तर्गत सांगरिया के शंकर नगर में नमकीन दुकान संचालक का कुछ युवकों ने कार में अपहरण कर लिया और उसे बीकानेर ले गए। पुलिस ने बीकानेर से दुकानदार को छुड़ाया और दो भाई सहित पांच जनों को गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी जितेन्द्रसिंह ने बताया कि मूलत: बीकानेर हाल सांगरिया के शंकर नगर निवासी प्रवीण कुमार शर्मा की नमकीन की दुकान है। उसने कुछ समय पहले बीकानेर निवासी पंकज गोयल से कुछ रुपए ब्याज के बदले उधार लिए थे। रुपए न चुका पाने पर वह और पत्नी जोधपुर के शंकर नगर में आकर रहने लग गए थे। इसका पता लगने पर गुरुवार को पंकज व चार अन्य युवक दो कार लेकर शंकर नगर में प्रवीण की दुकान पहुंचे, जहां रुपए व ब्याज मांगा। रुपए न मिलने पर युवकों ने जबरन दुकानदार को कार में बिठाया और उसका अपहरण कर ले गए। इसका पता लगने पर पत्नी ममता ने पुलिस को सूचना दी। नाकाबंदी करवाई गई, लेकिन तब तक अपहरणकर्ताओं की दोनों कारें निकल गईं। एएसआइ भीमसिंह के नेतृत्व में पुलिस पीछा करते हुए बीकानेर पहुंची, जहां कार में अपहृत प्रवीण को मुक्त कराया गया। साथ ही पांचों अपहरणकर्ताओं को हिरासत में लेकर जोधपुर लाया गया। ममता शर्मा की तरफ से अपहरण का मामाल दर्ज करने के साथ ही बीकानेर में करणी नगर निवासी पंकज कुमार (32) पुत्र रोहिताश अग्रवाल, उसके रिश्ते में भाई बीकानेर के सुभाषपुरा निवासी नीरज (35) पत्नी सतीश गोयल, देशनोक में केसरदेसर निवासी इकबाल खां (32) पुत्र जमाल खां, भुट्टों का बास निवासी अकिल जावेद (28) पुत्र उम्मेद खां और कालू खां (26) पुत्र सतीश खां को गिरफ्तार किया गया। अपहरण में प्रयुक्त दोनों कारें भी जब्त की गईं हैं।