
नकबजन गैंग का खुलासा, दो गिरफ्तार
जोधपुर.
खाण्डा फलसा थाना पुलिस ने नथावतों का चौक स्थित दो मकानों के ताले तोडक़र सोने-चांदी के आभूषण व अन्य कीमती सामान चुराने वाली गैंग का पर्दाफाश कर शनिवार को दो युवकों को गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी ईश्वरचंद पारीक के अनुसार नथावतों का चौक में गत ६ जनवरी की रात आनंद गोपाल और सात जनवरी की रात ओमप्रकाश व्यास के मकानों के ताले तोडक़र कीमती सामान चुरा लिया गया था। भीतरी शहर में दो दिन के भीतर दो वारदातों के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों पर नजर रखी गई। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। वारदातें स्वीकारने पर चांदपोल के बाहर बड़ी भील बस्ती निवासी मुकेश उर्फ बादशाह पुत्र ओमप्रकाश भील और जीतू उर्फ कालू पुत्र दुर्गाराम भील को गिरफ्तार किया गया। आरोपी मुकेश ने एक मोटरसाइकिल चोरी और एक अन्य मकान में चोरी करना भी कबूल किया है। आरोपियों से चोरी का सामान बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी मुकेश आदतन शराबी व शातिर नकबजन हैं। उसके खिलाफ खाण्डा फलसा, सदर बाजार व सूरसागर थाने में नकबजनी के नौ मामले पहले से दर्ज हो रखे हैं। वहीं, जीतू के खिलाफ नकबजनी का एक मामला दर्ज है।
Published on:
12 Jan 2020 12:01 am
