
शादी के छह माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत
जोधपुर. शादी के छह-सात महीने बाद ही झंवर थानान्तर्गत बड़लिया गांव के मकान में एक महिला की संदिग्ध हालात में मृत्यु हो गई। पति दो-तीन दिन पहले ही उसे ससुराल से अपने घर लेकर आया था। पति व अन्य के खिलाफ प्रताडऩा, दहेज हत्या व हत्या का मामला दर्ज कराया गया।
थानाधिकारी परमेश्वरी ने बताया कि बड़लिया गांव निवासी गुड्डीदेवी (२०) पत्नी रमेश जाट की संदिग्ध हालात में मृत्यु हुई है। शुभदण्ड गांव निवासी मृतका के भाई ने पति के खिलाफ बहन गुड्डी को प्रताडि़त करने, दहेज हत्या व गला घोंटकर हत्या करने की एफआइआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा शव ससुराल पक्ष को सौंपा। एसीपी भूपेन्द्रसिंह मामले की जांच कर रहे हैं।
अंदेशा : गला घोंटकर फंदे पर लटकाया
गुड्डीदेवी की छह-सात महीने पहले ही रमेश से शादी हुई थी। सास पीहर गई हुई थी और ससुर मध्यप्रदेश में ट्रैक्टर चलाता है। रमेश दो-तीन दिन पहले ही गुड्डी को उसके पीहर से घर लेकर आया था। मृत्यु के काफी देर बाद पति ने पत्नी के फंदा लगाने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कपड़े का फंदा पंखे पर लटक रहा था। गुड्डी का शव कमरे में फर्श पर रखा था। पति का कहना है कि उसने फंदा काटकर पत्नी का शव नीचे उतारा।
Published on:
16 Feb 2021 08:59 pm
