जोधपुर।
पंजाब के कुख्यात बदमाश लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bihsnoi) के सोपू ग्रुप (SOPU) से जुड़े दो युवकों के ठिकानों पर नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआइए) ने जोधपुर में मण्डोर क्षेत्र के आठ मील और पीपाड़ सिटी में बुधवार सुबह दबिशें दी। दो युवकों को हिरासत में लेकर लम्बी पूछताछ के बाद दिल्ली कार्यालय में पेश होने का नोटिस देकर छोड़ा गया। (SOPU Grouup) (NIA Raids in Jodhpur)
सूत्रों के अनुसार एनआइए की दो टीमें सुबह जोधपुर पहुंची। एक टीम ने मण्डोर में आठ मील क्षेत्र के पास मकान में दबिश दी, जहां से मूलत: भोजासर हाल आठ मील निवासी अरविंद बिश्नोई को हिरासत में लिया। उसे पुलिस स्टेशन मण्डोर ले जाया गया, जहां एनआइए के अधिकारियों ने लम्बी पूछताछ की। छह-सात घंटे पूछताछ के बाद अपराह्न करीब तीन बजे उसे छोड़ा गया। उसे एनआइए के दिल्ली कार्यालय में पेश होने का नोटिस भी दिया गया है। जांच के लिए उसका मोबाइल भी जब्त किया गया है।
उधर, एनआइए की दूसरी टीम ने पीपाड़ सिटी में एक मकान में दबिश दी, जहां से सुरजीत बिश्नोई को हिरासत में लिया गया। उसे भी पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन पीपाड़ सिटी ले जाया गया। लम्बी पूछताछ के बाद उसे भी अपराह्न बाद छोड़ दिया गया।
रोने लगी मां, बोली मजदूरी करता है बेटा
पुलिस के साथ एनआइए ने सुबह 6 बजे अरविंद के मकान में दबिश दी। मां के दरवाजा खोलते ही एनआइए ने अरविंद के बारे में पूछा। मां ने कहा कि वो घर में सो रहा है। तब मां से अरविंद की आइडी मांगी गई। जिसे देते ही एनआइए अंदर घुसी और अरविंद को पकड़कर थाने ले आई। डरी-सहमी मां भी थाने पहुंची, जहां वह रोने लग गईं। मां का कहना है कि उसका बेटा कार चलाने के साथ ही मजदूरी भी करता है। उसका लॉरेंस से संबंध होता तो मजदूरी नहीं करता।
हथियार संग फोटो तो अवैध हथियार का मामला दर्ज
अरविंद बिश्नोई सोशल मीडिया पर लॉरेंस के सोपू ग्रुप से सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ है। उसने सोशल मीडिया पर अवैध हथियार संग फोटो भी लगा रखे हैं। वहीं, लॉरेंस की गिरफ्तारी व कोर्ट में पेश न करने के संबंध में टिप्पणियां भी की गईं हैं। उधर, दूसरे युवक के खिलाफ पंजाब के फाजिल्का जिले में एसओजी थाने में गत 18 नवम्बर को अवैध हथियार व डराने धमकाने का मामला दर्ज है।