
Nitin Gadkari
जोधपुर।
केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का कहना है कि उनका 'ड्रीम प्रोजेक्ट' गुजरात के कांडला पोर्ट से जोधपुर तक 45 मीटर चौड़ी कैनाल बनाना है। इसमें गुजरात की नदियों से ओवरफ्लो होने वाला पानी आएगा। कैनाल बनने के बाद गुजरात से जोधपुर तक जलमार्ग से माल का परिवहन संभव हो सकेगा। इस कैनाल के एक ओर सड़क और दूसरी तरफ रनवे बनेगा। इसके बाद राजस्थान में पानी की कमी नहीं रहेगी।
लोकसभा चुनाव से कुछ माह पहले गडकरी ने इस 'ड्रीम प्रोजेक्ट' का जिक्र शनिवार शाम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृहनगर जोधपुर में पांच हजार करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद कही। उन्होंने कहा, हम विकास में राजनीति नहीं करते। प्रदेश सरकार को कोई जरूरत हो तो हम मदद कर सकते हैं। कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्यमंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत और पीपी चौधरी भी मौजूद थे।
भाषण की शुरुआत में गडकरी ने अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी के ध्येय वाक्य 'अमरीका इसलिए समृद्ध है क्योंकि यहां की सड़कें अच्छी है' का भी जिक्र किया। उन्होंने कृषि राज्यमंत्री शेखावत से कहा कि पानी और सड़कों की समस्याओं का समाधान तो हो जाएगा, लेकिन कृषि में नवाचार की जरूरत है। उन्होंने जेट्रोफा आधारित बायो एविएशन फ्यूल को उत्पादन बढ़ाने और राजस्थान को इसका हब बनाने के लिए प्रयास करने का सुझाव दिया। सभी छह परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के शिलापट्टों पर सीएम गहलोत का लिखा गया था। लेकिन कार्यक्रम में गहलोत नहीं आए। कांग्रेस के विधायकों ने भी कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी।
इन परियोजनाओं की रखी आधारशिला
जोधपुर रिंग रोड प्रोजेक्ट। डांगियावास-केरू-नागौर खंड का चार लेन तक चौड़ीकरण। इसकी लम्बाई 746 किलोमीटर और लागत 1308 करोड़ रुपए है। राष्ट्रीय राजमार्ग 925 के गगरिया-बावड़ीकला-सेवड़ा-बखासर खंड और साता-गांधव खंड का 2 लेन तक चौड़ीकरण। इसकी लम्बाई 196.9 किलोमीटर व लागत 1134 करोड़ रुपए है।
राष्ट्रीय राजमार्ग 70 के मुनाबाव-सुंद्रा-म्याजलर-धनाना-असुतार-घोटारू-टनोट खंड का पक्के ढलानों के साथ दो लेन तक चौड़ीकरण। इसकी लम्बाई 273.8 किलोमीटर व लागत 1188.35 करोड़ रुपए है।
इनका हुआ लोकार्पण
- राष्ट्रीय राजमार्ग 68 के जैसलमेर-बाड़मेर खंड का दो से चार लेन का चौड़ीकरण। लम्बाई 131.4 किमी व लागत 482.27 करोड़ रुपए।
- राष्ट्रीय राजमार्ग 68 के बाड़मेर-सांचौर-गुजरात बॉर्डर (गांधव पुल तक) का 4 लेन तक चौड़ीकरण। कुल लम्बाई 106.3 किलोमीटर व लागत 538 करोड़ रुपए है।
- राष्ट्रीय राजमार्ग-11 के फलौदी-जैसलमेर खंड का 2/4 लेनों तक चौड़ीकरण। कुल लम्बाई 160.4 किलोमीटर व लागत 727.19 करोड़ रुपए है।
Published on:
06 Jan 2019 12:04 pm
