
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने ली चुटकी
जोधपुर.
स्थानीय सांसद और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार को राजस्थान में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम पर चुटकी लेते हुए कहा कि ये विकास की नहीं, बाड़ाबंदी की सरकार है। कभी मध्य प्रदेश की बाड़ाबंदी तो कभी गुजरात की बाड़ाबंदी राजस्थान में होती है।
दिल्ली रवाना होने से पहले रविवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि ये खुद ही खुद को नोटिस दे रहे हैं। अपने बाड़े में विधायकों को ला रहे हैं। मुझे लगता है कि प्रशासनिक क्षमता और जादूगिरी का उपयोग बाड़ाबंदी में ही हो रहा है। राजस्थान की जनता इन बाड़ाबंदियों से अजीज आ चुकी है। वो विकास की तरफ देख रही है। उन्होंने कहा कि ये सारा ड्रामा प्रायोजित रूप से अपनी पिटी हुई फिल्म को सफल करने के लिए चल रहा है। भटकाव इनके घर में है। लड़ाई इनके घर में है। उस लड़ाई के माध्यम से ये भारतीय जनता पार्टी को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। प्रदेश सरकार को अस्थिर करने के सवाल पर शेखावत ने कहा कि न हमारा कोई मंतव्य है, न हमने कुछ किया है, न ऐसा करने का हमारा कोई विचार है। केवल और केवल ये अपनी नाकामयाबियों को छुपाने के लिए हमारे माध्यम से प्रहार कर रहे हैं।
Updated on:
12 Jul 2020 07:12 pm
Published on:
12 Jul 2020 07:06 pm
