
अब ड्रोन से होगा टिड्डी दलों पर हमला, ऊंचे पेड़ों पर बैठ रही युवा गुलाबी टिड्डी को काबू करने में मिलेगी मदद
जोधपुर. गुलाबी रंग की युवा टिड्डी को काबू करने के लिए कृषि विभाग अब ड्रोन से 'हमलाÓ करेगा। प्रदेश के पांच इलाकों बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर के फलोदी, नागौर और दौसा में पेड़ों पर बैठी टिड्डी पर गुरुवार से रात में ड्रोन से स्प्रे किया जाएगा। एक सप्ताह के भीतर एक साथ 25 ड्रोन काम करने शुरू हो जाएंगे। प्रत्येक ड्रोन में 10 लीटर पेस्टीसाइड होगा।
कृषि विभाग और टिड्डी चेतावनी संगठन के अधिकारियों को ड्रोन के इस्तेमाल से टिड्डी पर अंकुश की उम्मीद है। अभी आ रहे सभी टिड्डी दल युवा गुलाबी रंग के हैं। अत्यधिक ऊर्जावान यह टिड्डी ऊंचाई पर उडऩे के साथ पेड़ों के ऊपर बैठती है। नीचे से पेस्टीसाइड स्प्रे के दौरान यह बार-बार उड़कर अन्यत्र चली जाती है। इससे पिछले कई दिनों से टिड्डी काबू में नहीं आ रही।
थार से हाड़ौती तक टिड्डी
टिड्डी ने मंगलवार को प्रदेश के कम से कम 10 जिलों के दो दर्जन से अधिक स्थानों पर कार्मिकों को छकाए रखा। बाड़मेर में बड़ा झुंड था। उसके पीछे-पीछे तकनीशियन भागते रहे। अजमेर में दो दलों से एक साथ निपटा जा रहा था। जोधपुर के फलोदी में अब तक टिड्डी काबू में नहीं आई है। कुछ टिड्डी मरती है तो दो-तीन दिन में नए दल से यहां फिर टिड्डियां आ जाती है। जयपुर के मालुपरा, भीलवाड़ा के गुलाबपुरा, टोंक के निवाई, बूंदी, नागौर और बीकानेर में टिड्डी हरियाली को चट कर रही है। किसानों की टिड्डी ने नींद उड़ा रखी है।
Published on:
10 Jun 2020 10:52 am
