
तेल कम्पनियों को देनी होगी डोर-टू-डोर जाने वाले वाहनों की सूची
जोधपुर. बायोडीजल के नाम पर प्रदेश में अवैध डीजल और अन्य प्रकार का तेल बगैर लाइसेंस के बेचने वालों के खिलाफ राज्य सरकार सख्त हो गई है। सरकार ने गुरुवार को तीनों तेल कंपनियों इंडियन ऑयल, एचपीसीएल और बीपीसीएल अधिकारियों के साथ बैठक करके प्रदेश में डोर टू डोर आपूर्ति की जा रही डीजल की मोबाइल डिस्पेंसर यूनिट की सूची मांगी है। भविष्य में अब तेल कंपनियों के मोबाइल डिस्पेंसर के लाइसेंस जारी करने के बाद उनकी क्षमता का सत्यापन प्रदेश का विधिक माप विज्ञान विभाग करेगा। तेल कंपनियों को मोबाइल डिस्पेंसर यूनिट की जानकारी प्रदेश के खाद्य विभाग, पुलिस और गृह विभाग को देनी होगी।
गत वर्ष पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा औद्योगिक एवं खनन क्षेत्रों में डीजल की मांग को पूरा करने के लिए तेल कंपनियों के मार्फत डोर टू डोर डीजल डिलीवरी की सुविधा शुरू की गई थी लेकिन केंद्र सरकार ने इसकी जानकारी राज्य सरकार के साथ साझा नहीं की गई। नतीजन राज्य की एजेंसियों में वैध और अवैध डीजल बिक्री को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी रही। पिछले 6 महीनों में प्रदेश में अवैध डीजल की बिक्री का कारोबार तेजी से बढ़ा। इससे पेट्रोल पंप मालिकों, राज्य सरकार और तेल कंपनियों को नुकसान हो रहा है। बायोडीजल की आड़ में दूसरे राज्यों से सस्ता डीजल और अन्य प्रकार का ईंधन लाकर बेचा जा रहा है जो बाजार से 15 से 20 रुपए सस्ता पड़ रहा है।
जोधपुर में तेल कम्पनियों के 7, अवैध 10-12
जोधपुर में तेल कम्पनियों के मोबाइल डिस्पेंसर यूनिट करीब 7 है, जबकि अवैध तरीके से डीजल बेचने वाली यूनिटें 10 से 12 हैं। बायो डीजल, लॉ डेनसिटी ऑयल (एलडीओ) और बेस ऑयल के नाम पर जोधपुर के ग्रामीण इलाकों में चल रहे मिलावटी डीजल के कारोबार ने शहर की सीमा पर बसे पेट्रोल पंपों को कंगाल बना दिया है। पिछले छह महीने से सीमावर्ती पंपों पर 25 से 30 प्रतिशत की बिक्री कम हो गई है।
जोधपुर, पाली और जालोर में कार्यवाहियां
अवैध डीजल बिक्री के खिलाफ पिछले तीन महीनों में सर्वाधिक कार्यवाही जालोर में हुई। वहां पुलिस ने करीब आधा दर्ज फर्जी वाहन जब्त किए। गुजरात सीमा नजदीक होने से वहां अवैध कारोबार अधिक हो रहा है। पाली में रोहट व जैतारण में फर्जी टैंकर पकड़े। जोधपुर में चार से पांच कार्यवाही हुई लेकिन कई मामलों में पुलिस ने टैंकर पकडकऱ छोड़ दिए। पुलिस की कार्यवाहियों का अवैध डीजल बिक्री पर कोई फर्क नहंी पड़ा है।
10 से 15 रुपए सस्ता मिलावटी बायो डीजल
जोधपुर में डीजल 89.69 रुपए प्रति लीटर है लेकिन बायो डीजल के नाम पर बेस ऑयल और एलडीओ मिलाकर मिलावटी डीजल 75 से 80 रुपए प्रति लीटर बेचा जा रहा है। भारी वाहन चालक और वाणिज्यक वाहन सस्ते के चक्कर में मिलावटी डीजल खरीद लेते हैं। अधिकांश भारी वाहन किराए पर होने के कारण चालक गाड़ी की सेहत की परवाह नहीं करते हैं।
Published on:
27 Feb 2021 05:20 pm
