
बाल वाहिनी बस की चपेट से बाइक सवार श्रमिक की मौत
जोधपुर. झालामण्ड बाइपास पर मोती मार्केट के पास मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार व लापरवाही से आई बाल वाहिनी बस की चपेट से मोटरसाइकिल सवार एक श्रमिक की मौत हो गई। गुस्साए क्षेत्रवासियों ने रास्ता जाम कर विरोध जताया। पुलिस की समझाइश पर रास्ता खोला गया।
पुलिस के अनुसार झालामण्ड के पास मानपुरा निवासी चौथाराम (३२) पुत्र बीरमाराम प्रजापत दिनभर मजदूरी करने के बाद देर शाम सात बजे मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था। शताब्दी चौराहे से आगे बाइपास पर मोती मार्केट के पास पहुंचने पर सामने से तेज रफ्तार से आई विद्यालय की एक बस ने मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया। चालक चौथाराम सडक़ पर जा गिरा और बस ने उसे कुचल दिया। गम्भीर हालत में उसे मथुरादास माथुर अस्पताल लाया गया, जहां कुछ देर बाद उसकी मृत्यु हो गई। उधर, पुलिस ने बस कब्जे में लेकर थाने भिजवा दी। तभी हादसे का पता लगने पर आस-पास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। वे आए दिन होने वाले हादसों के प्रति विरोध जताने लगे। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को मौके से न हटाने पर अड़ गए और चालक को गिरफ्तार करनेकी मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
मोटरसाइकिल के सडक़ के बीचों-बीच होने से दोनों तरफ वाहनों की लम्बी कतारें लग गईं। पता लगने पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) अनंत कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त सिमरथाराम व थानाधिकारी अशोक आंजणा मौके पर पहुंचे और समझाइश कर मोटरसाइकिल थाने भिजवाई। तब नाराज लोगों ने रास्ता खोला और यातायात सुचारू हो पाया। मृतक के भाई श्रवण की तरफ से मामला दर्ज किया गया है। बस चालक मौके से भाग निकला।
Published on:
05 Dec 2018 12:58 am
