
इंटरनेट कॉलिंग के दम पर हो रही अफीम तस्करी
जोधपुर. पाली जिले के देसूरी में अफीम के १९ किलो दूध के साथ नारकोटिक्स कन्ट्रोल ब्यूरो के हत्थे चढऩे वाले सात सप्लायर इंटरनेट कॉलिंग से जोधपुर के तस्करों के सम्पर्क में थे। एनसीबी की पकड़ में आते ही मादक पदार्थ की खेप मंगाने वाले तस्कर भूमिगत हो गए। हालांकि एनसीबी ने इन्हें नामजद कर लिया है और पुलिस की मदद से तलाश की जा रही है।
एनसीबी सूत्रों के अनुसार देसूरी में उदयपुर नम्बर की दो कार में मध्यप्रदेश में नीमच जिले में पिपलिया नथावत निवासी प्रेमसिंह, राजपालसिंह, नेपालसिंह, नीचम में बोर्डिया कला के छाया गांव निवासी उदयसिंह, सिरखेड़ा में लासुसी तंवर गांव निवासी मनोहरसिंह, नीमच निवासी साजिद और नीमच केंट में नया बाजार निवासी ललित कुमार को अफीम के १९ किलो दूध के साथ गिरफ्तार किया गया था। अफीम का दूध नीचम से जोधपुर लाया जा रहा था।
एनसीबी ने अफीम का दूध मंगाने वालों के संबंध में जांच की। अफीम का दूध सप्लायर व मंगाने वाले इंटरनेट कॉलिंग से एक-दूसरे से सम्पर्क में थे। एेसे में एनसीबी को इनकी लोकेशन नहीं मिल पाई। सात व्यक्तियों के पकड़ में आते ही अफीम मंगाने वाले भूमिगत हो गए। हालांकि इनके नाम व पते एनसीबी को मिल गए हैं।
एनसीबी के क्षेत्रीय निदेशक उगमदान चारण का कहना है कि अफीम का दूध मंगाने वालों की पहचान कर ली गई है और तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही पकड़ में आ जाएंगे।
Published on:
04 Feb 2021 03:51 pm
