
सीएम से मिलने के इंतजार में रहे लोग, चिकित्सा मंत्री ने की भरपाई
जोधपुर. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अस्वस्थ होने के कारण सोमवार को एमडीएम अस्पताल के मल्टीलेवल आइसीयू का शिलान्यास करने नहीं पहुंच पाए। वहीं सुबह सर्किट हाउस में सीएम से मिलने आए फरियादियों की पीड़ा भी चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा ने सुनी। इस दौरान कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद थे। इसके बाद वे मथुरादास अस्पताल में मल्टीलेवल आइसीयू का शिलान्यास करने पहुंचे।
सुबह सर्किट हाउस में ही सीएम अस्वस्थ हो गए थे। चिकित्सक उन्हें देखने के लिए पहुंचे। हालांकि बुखार होने की चिकित्सकों ने पुष्टि नहीं की, लेकिन उनके शरीर में थकान सहित अन्य अस्वस्थता बताई गई। इस कारण सीएम ने बाहर निकलते ही लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए एयरपोर्ट की तरफ निकल गए। एयरपोर्ट पर भी सीएम ने किसी से मुलाकात नहीं की। इसके बाद सीएम जयपुर रवाना हो गए।
उधर, ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा सूचना एवं जनसम्पर्क मंत्री रघु शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि मथुरादास माथुर अस्पताल परिसर में 17 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले मल्टीलेवल आईसीयू की नींव रखी तथा शिलान्यास किया। साथ ही पूजन कर नींव के पत्थर रखे। बाद में नाम पट्टिका का अनावरण किया। शर्मा ने कहा कि 17 करोड़ की लागत से बनने वाला यह मल्टीलेवल आईसीयू भूतल सहित 4 मंजिला होगा। इसमें सभी तरह की आधुनिक सुविधाएं व उपकरण होंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व में 20 करोड़ की लागत से ओपीडी व 35 करोड़ की लागत से ट्रोमा अस्पताल बनाया गया।
राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में मेडिकल कॉलेज खोले जाने की घोषणा की गई है। शहरी क्षेत्रों में ओपीडी का भार कम करने के लिए दूरदराज के इलाकों व शहरी कच्ची बस्तियों में जनता क्लिनिक खोलने के निर्णय लिए गए। जयपुर में 12 व जोधपुर में 3 तैयार है। शर्मा ने कहा कि 42 हजार गांवों में चिकित्सा मित्र बनाए जा रहे हैं। जोधपुर शहर विधायक मनीषा पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच व पहल का नतीजा आज देखने को मिला है कि मल्टीलेवल आईसीयू की बहुत बड़ी योजना सार्थक होने जा रही है। प्रिंसिपल डॉ. एसएस राठौड़ ने सभी का आभार जताया। संचालन भानू पुरोहित ने किया। समारोह में विधायक बाबूलाल नागर, जेडीए के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र सोलंकी, पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, राजस्थान संगीत नाटक अकादमी के पूर्व अध्यक्ष रमेश बोराणा, शहर डीसीसी अध्यक्ष सईद अंसारी मौजूद थे।
Published on:
02 Mar 2020 06:54 pm
