
एक पिस्तौल, मैग्जीन व दो जिंदा कारतूस जब्त
जोधपुर।
कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में रिमाण्ड पर चल रहे एक युवक से पूछताछ के आधार पर बुधवार को एक पिस्तौल, मैग्जीन व दो जिंदा कारतूस और जब्त कर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम गौरव यादव ने बताया कि गत सोमवार को सागर उर्फ शेखर को गिरफ्तार कर एक पिस्तौल, मैग्जीन व तीन जिंदा कारतूस जब्त किए गए थे। जो रिमाण्ड पर है। उससे पूछताछ के आधार पर थानाधिकारी देवेन्द्रसिंह देवड़ा के नेतृत्व में पुलिस ने तलाश के बाद चांदेलाव में विष्णु की ढाणी निवासी विष्णु धायल (22) पुत्र शेराराम बिश्नोई और कोसाणा में जाखड़ों की ढाणी निवासी राहुल जाखड़ (19) पुत्र श्यामलाल जाट को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर इनके कब्जे से एक पिस्तौल, एक मैग्जीन और दो जिंदा कारतूस जब्त किए गए। आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर विष्णु व राहुल को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में एसआइ विश्राम मीणा, हेड कांस्टेबल सुमेरसिंह आदि शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि आरोपी विष्णु धायल के खिलाफ चोरी, लूट व अवैध हथियार के मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपी पिस्तौल से राह चलते लोगों को डरा धमकाकर लूटपाट करते थे।
Published on:
30 Aug 2023 11:30 pm
