4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जोधपुर

आरोपियों पर पुलिस की फायरिंग, रात को पोस्टमार्टम पर सहमति

- युवक की हत्या प्रकरण : नाबालिग सहित चार पकड़े, दो जनों का सुराग नहीं- आरोपियों में दो पुलिसकर्मी, एक शिक्षक व एक कोर्ट कर्मचारी का पुत्र

Google source verification

जोधपुर.
जिले के ओसियां थानान्तर्गत चेराई गांव में मामूली विवाद में एक युवक की हत्या कर भागे आरोपियों की धरपकड़ के दौरान पुलिस ने एकलखोरी गांव में चार राउण्ड फायर किए। तीन युवकों को गिरफ्तार व एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है। उधर, विभिन्न मांगों पर सहमति बनने के बाद सुबह से चेराई गांव के चौराहे पर चल रहा धरना समाप्त कर पोस्टमार्टम पर सहमति बनीं।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि प्रकरण में बोरुंदा थानान्तर्गत खारिया ढढेसरी निवासी अनिल (19) पुत्र रामप्रकाश जाट, बनाड़ रोड पर रमजान का हत्था निवासी मोहित (20) पुत्र पूर्ण खटीक व पीपाड़ शहर थानान्तर्गत चिरढाणी निवासी मदन (20) पुत्र रेखाराम बिश्नोई को गिरफ्तार व एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है। मुख्य आरोपी एकलखोरी निवासी सुरेश बिश्नोई व तिलवासनी निवासी विष्णु फरार है। दो आरोपियों के पिता हेड कांस्टेबल, एक के पिता सरकारी शिक्षक और एक आरोपी के पिता कोर्ट में कर्मचारी हैं।
धरपकड़ के दौरान मदन का पांव फ्रैक्चर हो गया। उसका ओसियां के सरकारी अस्पताल में उपचार कराया गया। तत्पश्चात उसे ओसियां थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है।
नहीं रुके तो फायरिंग कर पकड़ा
पुलिस का कहना है कि चेराई में हत्या कर आरोपी एकलखोरी गांव की तरफ भाग गए थे। पुलिस ने एकलखोरी गांव में छापे मारे तो आरोपी भागने लगे। पुलिस ने रुकने को कहा, लेकिन आरोपी भागते रहे। डीएसटी के एएसआइ देवाराम चार राउंड फायरिंग की। हालांकि किसी के गोली नहीं लगी, लेकिन आरोपी दहशत में आ गए। फिर घेराबंदी कर चार जनों को हिरासत में लिया गया।
मांगें मानीं, केस ऑफिसर स्कीम में होगी जांच
उधर, हत्याकांड को लेकर परिजन, ग्रामीण व पालीवाल समाज के लोगों में रोष व्याप्त हो गया। सभी चेराई में चौराहे पर धरना देकर बैठ गए। इससे वहां सुबह से यातायात बंद रहा। ग्रामीण व समाज के लोगों ने चेराई चौकी प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मियों के निलम्बन, मुख्य आरोपी व अन्य की गिरफ्तारी, मृतक के परिजन को एक करोड़ रुपए आर्थिक मुआवजा व एक आश्रित को सरकारी नौकरी, गवाहों की सुरक्षा, आरोपियों को जल्द सजा दिलाने की मांग की। एसपी यादव से वार्ता के बाद रात 8.30 बजे मांगों पर सहमति बनीं। चौकी स्टाफ के खिलाफ जांच व निलम्बन का भरोसा दिलाया गया। केस ऑफिसर स्कीम में मामले की जांच होगी। फरार आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे। मुआवजा व नौकरी का प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा। तब धरना समाप्त किया गया। संभवत: शुक्रवार को पोस्टमार्टम होगा।